देश

Karnataka Bandh: कर्नाटक बंद का असर, 44 उड़ानें रद्द, हिरासत में लिए गए कई कार्यकर्ता

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 29, 2023, 11:22 AM IST

बंद के दौरान पांच लोगों को भी हिरासत में ले लिया गया क्योंकि वे विरोध-प्रदर्शन करने के लिए कर्नाटक के झंडे के साथ हवाईअड्डे परिसर में दाखिल हुए थे।

Image

कर्नाटक बंद के दौरान कई उड़ानें रद्द (Video Grab)

Karnataka Bandh: तमिलनाडु को कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के विरोध में कर्नाटक के एक प्रमुख संगठन कन्नड़ ओक्कुटा द्वारा बुलाए गए राज्यव्यापी बंद के बीच शुक्रवार को बेंगलुरु अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 44 उड़ानें रद्द कर दी गईं। जानकारी के अनुसार, हवाईअड्डे के अधिकारियों ने कहा कि परिचालन कारणों से उड़ानें रद्द कर दी गईं और यात्रियों को समय पर इसके बारे में सूचित किया गया था।

बंद समर्थक हिरासत में

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, सूत्रों ने कहा कि कर्नाटक बंद के प्रभाव के कारण उड़ाने रद्द हुई हैं, क्योंकि कई यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कर दिए थे। बंद के दौरान पांच कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में ले लिया गया क्योंकि वे विरोध-प्रदर्शन करने के लिए कर्नाटक के झंडे के साथ हवाईअड्डे परिसर में दाखिल हुए थे। सूत्रों ने कहा कि हिरासत में लिए गए पांच लोगों ने हवाईअड्डा परिसर में प्रवेश करने के लिए उड़ान टिकट बुक किए थे।

ये संगठन बंद में शामिल

कन्नड़ समर्थक और किसान संगठनों के 'कर्नाटक बंद' के आह्वान से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है, खासकर राज्य के दक्षिणी हिस्से में असर अधिक है। कन्नड़ ओक्कुटा में कर्नाटक रक्षणा वेदिके, कन्नड़ चलवली (वटल पक्ष) के गुट और विभिन्न किसान संगठन शामिल हैं, जिन्होंने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

विशाल विरोध जुलूस निकलेगा

गुरुवार को बंद के आयोजकों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि शहर में टाउन हॉल से फ्रीडम पार्क तक एक विशाल विरोध जुलूस निकलेगा, जिसमें सभी क्षेत्रों के लोगों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बंद पूरे कर्नाटक के लिए है और वे राजमार्गों, टोल गेटों, रेल सेवाओं और हवाई अड्डों को बंद करने की कोशिश करेंगे। विपक्षी भाजपा और जद (एस) के साथ-साथ कर्नाटक में होटल, ऑटोरिक्शा और ओला राइडर्स एसोसिएशन ने बंद को अपना समर्थन दिया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article