देश

फिर मुश्किल में लालू यादव, नौकरी के बदले जमीन घोटाले में मिला सम्मन; 15 मार्च को राबड़ी संग पेशी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Feb 27, 2023, 11:26 PM IST

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव हाल ही में इलाज करवाकर सिंगापुर से लौटे हैं। उनका किडनी प्रत्यारोपण हुआ है। आने के बाद से वो लगातार केंद्र की बीजेपी सरकार और आरएसएस पर जमकर हमला बोल रहे हैं। दो दिन पहले उन्होंने कहा था कि भाजपा देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है।

Image

लालू यादव को मिला सम्मन (फोटो- Facebook)

सिंगापुर से किडनी का प्रत्यारोपण करवा कर लौटे लालू यादव एक बार फिर से बड़ी मुसीबत में घिरते दिख रहे हैं। लालू यादव को नौकरी के बदले जमीन घोटाले में दिल्ली की एक अदालत ने सम्मन जारी करके तलब किया है।

15 मार्च को पेशी

दिल्ली की एक कोर्ट ने कथित जमीन के बदले नौकरी घोटाले के सिलसिले में सोमवार को पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और 14 अन्य लोगों को तलब किया है। विशेष न्यायाधीश गीतांजलि गोयल ने आरोपी व्यक्तियों को 15 मार्च को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया।

क्या कहा जज ने

न्यायाधीश ने सम्मन जारी करते हुए कहा-"चार्जशीट और रिकॉर्ड पर मौजूद दस्तावेजों और सामग्री से, प्रथम दृष्टया, धारा 120 बी (आपराधिक साजिश), धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (मूल्यवान सुरक्षा, वसीयत, आदि की जालसाजी) 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी) और 471 (जाली दस्तावेज को असली के रूप में इस्तेमाल करना) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं के तहत अपराध किया गया है। इसलिए उक्त अपराधों का संज्ञान लिया जाता है।"

क्या है मामला

यह मामला 2004 और 2009 के बीच लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान का है। लालू यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप है कि उन्होंने परिवार को गिफ्ट में दी गई या बेची गई भूमि के बदले में रेलवे में लोगों को नौकरियां दी हैं।

सीबीआई कर रही है जांच

इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। जुलाई 2022 में, सीबीआई ने भोला यादव को गिरफ्तार किया था, जो इस मामले में रेल मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) हुआ करते थे। साथ ही 16 आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार के अपराधों के लिए पिछले साल 10 अक्टूबर को आरोप पत्र दायर किया गया था। अंतिम रिपोर्ट में लालू यादव की बेटी मीसा भारती, मध्य रेलवे की पूर्व महाप्रबंधक सौम्या राघवन, पूर्व सीपीओ रेलवे कमल दीप मैनराई, स्थानापन्न के रूप में नियुक्त सात उम्मीदवारों और चार निजी व्यक्तियों का नाम भी शामिल है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article