Happy Birthday Rajinikanth: सुपरस्टार रजनीकांत 12 दिसंबर 2024 को अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। ये भारतीय सिनेमा के सबसे सफल अभिनेताओं में से एक हैं। अगर इनकी कुंडली पर नजर डालें तो ये श्रवण नक्षत्र और मकर राशि के जातक हैं। ज्योतिष अनुसार इस नक्षत्र और राशि में जन्म लेने वाले लोग जीवन में खूब कामयाबी हासिल करते हैं। इन पर मां सरस्वती और मां लक्ष्मी दोनों की ही विशेष कृपा रहती है। चलिए जानते हैं श्रवण नक्षत्र के लोगों के बारे में और भी दिलचस्प बातें।
ऐसे होते हैं श्रवण नक्षत्र में जन्मे लोग
श्रवण नक्षत्र को हिंदू धर्म में बेहद पवित्र माना जाता है। कहते हैं इस नक्षत्र में जन्म लेने वाले लोगों पर सरस्वती और लक्ष्मी दोनों की ही विशेष कृपा रहती है। ये लोग बेहद बुद्धिमान होते हैं। ये बुद्धि और कड़ी मेहनत के दम पर जीवन में खूब कामयाब होते हैं। पैसा इनके पास खुद ब खुद चलकर आता है।
श्रवण नक्षत्र में जन्म लेने वाले लोगों पर माता-पिता के भक्त श्रवण कुमार का प्रभाव देखा जाता है। इसलिए इस नक्षत्र से जुड़े लोग माता-पिता के आज्ञाकारी होते हैं। ये लोग बेहद उदार और दयालु स्वभाव के होते हैं। जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
अपने सरल स्वभाव के कारण ही ये अपने मित्रों और सगे-संबंधियों में लोकप्रिय होते हैं। अभिनय और गायन में इनकी विशेष रूचि होती है। इन लोगों की एक खासियत ये है कि ये कोई भी काम योजना बनाकर करते हैं। जिस वजह से इन्हें सफलता मिलने की प्रबल संभावना रहती है।
इनका दांपत्य जीवन काफी सुखद होता है। ये अपने जीवनसाथी के साथ तालमेल बनाकर चलते हैं। इस नक्षत्र में जन्मे लोगों का सर्वोत्तम समय 30 वर्ष के बाद शुरू होता है। ये अपने कामकाजी और निजी जीवन को अच्छी तरह संतुलित करके चलते हैं।
