Tests after age 30: घर में सबका ध्यान रखने वाली महिलाएं, अक्सर अपना ध्यान रखना ही भूल जाती हैं। घर और ऑफिस के बीच उलझी जिंदगी को संवारने के चक्कर में वे खुद को याद ही नहीं रख पातीं। यही कारण है कि पहले महिलाओं को जो समस्याएं 40 पार की उम्र में होती थीं, वो अब 30 पार की उम्र में ही उन्हें घेर रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि समय-समय पर हेल्थ चैकअप करवाया जाए। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे शरीर में कुछ पोषक तत्वों की कमी आने लगती है। ऐसे में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगती हैं। महिलाओं में 30 की उम्र के बाद कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में 30 पार होने के बाद महिलाओं को कुछ टेस्ट अनिवार्य रूप से नियमित तौर पर करवाते रहना चाहिए। आज इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ ऐसे टेस्ट के बारे में, जो हर एक महिला को 30 की उम्र पार करने के बाद करा लेने चाहिए। आइए जानते हैं कौन से हैं ये जरूरी टेस्ट-
कम्प्लीट ब्लड काउंट (Complete blood count)
सीबीसी यानी कंप्लीट ब्लड काउंट एक ऐसा टेस्ट होता है, जिसके जरिए पूरी सेहत के बारे में पता लगाया जा सकता है। इस टेस्ट में किसी भी तरह के इंफेक्शन, एनीमिया, डिसऑर्डर और कुछ मामलों में कैंसर तक का पता चल सकता है। इसलिए 30 के बाद महिलाओं को ये टेस्ट अवश्य कराना चाहिए।
लिपिड प्रोफाइल (Lipid profile)-
शरीर में कई तरह के कोलेस्ट्रॉल का पता लगाने के लिए लिपिड प्रोफाइल टेस्ट कराया जाता है। ये टेस्ट दिल की बीमारियों और रक्त वाहिकाओं की हेल्थ के बारे में बताता है। आमतौर पर थायरॉयड या पॉलिसिस्टिक ओवरी डिजीज जैसी समस्याएं खराब लिपिड प्रोफाइल से ही जुड़ी होती हैं।
थायराइड फंक्शन टेस्ट (Thyroid function test)
आजकल थायराइड की भी समस्या बहुत देखने को मिलती है। ऐसे में महिलाओं को 30 के बाद थायराइड की जांच अवश्य करानी चाहिए। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, अनियमित पीरियड्स, वजन का अचानक बढ़ना, बाल झड़ना या इनफर्टिलिटी इसके आम लक्षण हैं।
ब्लड शुगर (Blood sugar)-
ब्लड शुगर लेवल भी एक गंभीर समस्या है। इस समस्या से बचने के लिए 35 की उम्र के बाद नियमित रूप से शुगर लेवल की जांच करानी चाहिए। डायबिटीज में शरीर में इंसुलिन ठीक से नहीं बन पाता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
