Neetu Kapoor on Ranbir-Alia daughter name: बॉलीवुड अदाकारा आलिया भट्ट (Alia Bhatt) ने बीते रविवार की दोपहर अपनी बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद से ही उनके फैंस सातवें आसमान पर हैं। रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) अपनी पत्नी आलिया भट्ट को लेकर रविवार की सुबह मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल पहुंच गए थे, जहां दोनों की बेटी ने अपनी पहली सांस ली। रणबीर आलिया की बेटी के जन्म के बाद से ही फैंस उत्साहित नजर आ रहे हैं और उसके बारे में हर एक जानकारी हासिल करना चाहते हैं। रणबीर कपूर की मां नीतू कपूर (Neetu Kapoor) लगातार मीडिया के सामने आ रही हैं और अपनी नन्ही पोती के बारे में जानकारी दे रही हैं। नीतू कपूर ने मीडिया को बताया है कि उनकी पोती और बहू आलिया भट्ट दोनों एकदम ठीक हैं।
नीतू कपूर ने मीडिया से अपनी पोती के नाम के बारे में भी बात की। मीडिया ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्होंने अपनी पोती का नाम डिसाइड किया है तो उन्होंने कहा, 'नहीं अभी तो वो पैदा ही हुई है। अभी वो छोटी है, हम जल्द ही उसका नाम रखेंगे। अभी उसका कुछ नाम नहीं रखा है।'
जब मीडिया ने नीतू कपूर से पूछा कि उनकी पोती का चेहरा रणबीर कपूर और आलिया भट्ट में से किसके ऊपर गया है तो उन्होंने कहा, 'अरे अभी तो वो पैदा हुई है। अभी यह कैसे पता चल सकता है। जब वो थोड़ी बड़ी हो जाएगी तो हमें पता चलेगा कि वो किसकी तरह दिखती है।'
बता दें रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने फिल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग के दौरान एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। फिल्म रिलीज होने से पहले इन्होंने 7 फेरे लिए और ब्रह्मास्त्र की रिलीज के चंद दिनों के बाद इनकी बेटी पैदा हो गई। फैंस इन दिनों रणबीर कपूर और आलिया भट्ट को बधाई देने में लगे हुए हैं।
