एजुकेशन

UPSC NDA Topper: देवास की वैष्णवी भरेंगी सपनों की उड़ान, जानें यूपीएससी एनडीए परीक्षा में कैसे पाई तीसरी रैंक

  • Authored by: अंकिता पाण्डेय
  • Updated Nov 20, 2022, 01:46 PM IST

UPSC NDA Result 2022, UPSC NDA Topper Vaishnavi Gorde: संघ लोक सेवा आयोग ने यूपीएससी एनडीए, एनए परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल परीक्षा में 519 स्टूडेंट्स को सफल घोषित किया गया। जिसमें देवास की रहने वाली वैष्णवी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर परिवार वालों का नाम रोशन कर दिया है।

Image

यूपीएससी एनडीए रिजल्ट 2022

Photo : Twitter

UPSC NDA Topper 2022, Vaishnavi Gorde: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने यूपीएससी एनडीए, एनए (UPSC NDA, NA ) परीक्षा का फाइनल रिजल्ट हाल में ही जारी किया है। इस परीक्षा में मध्य प्रदेश के देवास की रहने वाली वैष्णवी गोरडे ने एक ऐसा मुकाम हासिल कर दिखाया है, जिससे न केवल उनका बल्कि पूरे परिवार का और देवास का नाम रौशन हो गया है। उन्होंने यूपीएससी एनडीए की परीक्षा में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया और अब वह जल्द ही अपने सपनों की उड़ान भरने जा रही हैं।

यूपीएससी एनडीए का रिजल्ट

इस साल यूपीएससी एनडीए परीक्षा में 519 स्टूडेंट्स को सफल घोषित किया गया। आयोग द्वारा जारी सूचना का अनुसार, टॉप तीन में दो लड़कियां शामिल रहीं। जिसमें, दूसरे स्थान पर अनुष्का अनिल बोर्डे और तीसरे स्थान पर वैष्णवी गोरडे हैं। यूपीएससी एनडीए रिजल्ट की घोषणा के बाद से ही वैष्णवी के घर में खुशी का माहौल छाया हुआ है।

डिफेंस में जाने का सपना

वैष्णवी हमेशा से ही डिफेंस में जाना चाहती थीं। यूपीएससी एनडीए परीक्षा में यह उनका दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास में उन्होंने एंट्रेस टेस्ट तो पास कर लिया था लेकिन एसएसबी इंटरव्यू में बात अटक गई थी। हालांकि, असफलता से निराश होने की जगह उन्होंने दोबारा प्रयास किया और इस बार एग्जाम क्रैक करने के साथ ही तीसरी रैंक भी हासिल कर ली।

सेल्फ स्टडी से पाया मुकाम

खास बात यह है कि यूपीएससी एनडीए परीक्षा के लिए उन्होंने बिना किसी कोचिंग के घर पर तैयारी की। उन्होंने यूट्यूब और ऑनलाइन एप की भरपूर मदद ली। वैष्णवी को स्पोर्ट्स में भी काफी रूचि रही। वह कराटे में नेशनल और मार्शल आर्ट में इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। इसके अलावा वह फिट रहने के लिए एक्सरसाइज करने के साथ ही जिम भी जाती थीं।

ऐसा है परिवार

वैष्णवी गोरडे एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनकी मां सारिका सकूल टीचर हैं, जबकि पिता सुनील गोरडे निजी हॉस्पिटल में मेडिकल ऑफिसर हैं। वैष्णवी की एक बड़ी बहन भी हैं जो कि बेंगलुरू में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं।

अंकिता पांडे
अंकिता पाण्डेयauthor

अंकिता पाण्डेय टाइम्स नाऊ नवभारत डिजिटल में तीन साल से काम कर रही हैं। वह उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से ताल्लुक रखती हैं। माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही फील्ड रिपोर्टिंग से करियर की शुरुआत हुई। फिर जनसत्ता के डिजिटल प्लैटफॉर्म में लगभग 1.5 साल तक काम किया। 2022 में टाइम्स नाउ नवभारत के एजुकेशन टीम का हिस्सा बनीं। करीब चार साल के छोटे से करियर में स्कूली शिक्षा से लेकर रोजगार तक के सभी पहलुओं पर पकड़ बनाई। नए और रोचक विषयों पर स्टोरी बनाने के साथ ही सक्सेस स्टोरी के जरिए युवाओं को प्रोत्साहन देना भी काम का हिस्सा है। जॉब वैकेंसी, स्कूल-कॉलेज, करियर ऑप्शन, एग्जाम टिप्स, करंट अफेयर्स से जड़ी तमाम खबरों को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहती हैं।

और पढ़ें
End of Article