क्राइम

Farmani Naaz : नाज पर नाज लेकिन परिवार निकला लुटेरा, गैंग बनाकर लूटता था सरिया, भाई गिरफ्तार

  • Authored by: आलोक कुमार राव
  • Updated Nov 8, 2022, 11:17 AM IST

Farmani Naaz news: फरमानी नाज के पिता और जीजा फरार हैं, पुलिस सरगर्मी से इनकी तलाश कर रही है। रिपोर्टों के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से दो सौ कुंतल सरिया और पिकअप बरामद किया गया है। नाज टेलिविजन शो इंडियन आइडल में भी नजर आ चुकी हैं।

Image

फरमानी नाज का परिवार लुटेरा निकला।

Photo : BCCL

Farmani Naaz : 'हर हर शंभू' गाना गाकर करोड़ों प्रशंसकों के दिलों में जगह बनाने वाली सिंगर फरमानी नाज के परिवार के बारे में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। नाज का परिवार लुटेरा निकला है। नाज का पिता आरिफ गैंग बनाकर सरिया लूटने का काम करता था। इस गोरखधंदे में फरमानी के पिता और जीजा भी शामिल भी थे। जबकि भाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पिता और जीजा फरार हैं, पुलिस सरगर्मी से इनकी तलाश कर रही है। रिपोर्टों के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से दो सौ कुंतल सरिया और पिकअप बरामद किया गया है। नाज टेलिविजन शो इंडियन आइडल में भी नजर आ चुकी हैं।

आरोपियों ने सरिया लूटने की बात कबूल की

एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि टेहरकी गांव में पानी के लिए टंकी का निर्माण चल रहा है। इसके लिए गांव के बाहरी छोर पर 25 कुंतल सरिया डाला गया था। 10 अक्टूबर की रात बदमाशों ने दो गार्डों को बंधक बनाकर सरिया लूट लिया और पिकअप में भरकर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने जांच को जब आगे बढ़ाया तो वह बदमाशों तक पहुंच गई। रिपोर्टों के अनुसार पुलिस ने अब तक इस मामले में अनुज, शाकिब, मोनू, इरशाद, फिरोज, शाहरूख और अरमान को पकड़ा है। आरोपियों ने गांव से सरिया लूटने की बात कबूल की है।

वहीं, थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि मामले में गिरफ्तार अरमान सिंगर नाज का सगा भाई है। वह इस गिरोह का सरगना है। अरमान का पिता आरिफ और जीजा इरशाद भी लूट-चोरी की घटनाओं में साथ रहते थे।

कौन हैं फरमानी नाज?

इंडियन आइडल की पूर्व प्रतिभागी फरमानी नाज यूपी के मुजफ्फरनगर जिले की एक जानी-मानी गायिका हैं। वह भक्ति एवं अन्य गीतों को रिकॉर्ड कर यूट्यूब पर डालती हैं। इस साल कांवड़ यात्रा के दौरान उनका गाना 'हर हर शंभू' लोगों ने इतना पसंद किया कि वह रातोंरात मशहूर हो गईं। लोगों ने उनके इस गाने की खूब तारीफ की। हालांकि, शिव भजन गाने के चलते वह कट्टरपंथियों एवं मौलवियों के निशाने पर आ गईं। देवबंद स्थित मौलवी मुफ्ती असद कासमी ने कहा कि शरिया कानून के तहत गाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि 'कोई भी गाना' गाना 'हराम' है या इस्लाम में मना है। उन्होंने कहा कि खासकर खुद को मुस्लिम मानने वाली महिला को ऐसे गाने गाने से दूर रहना चाहिए।

'हर हर शंभू' गाना जिसने नाज की दी पहचान

गीत-संगीत का कोई धर्म नहीं होता-नाज

शिव भजन के लिए अपनी आलोचना होने पर नाज ने कहा कि उनका परिवार गरीब है और उनके लिए जीने का यही एकमात्र साधन है। उसने यूट्यूब पर अपने वीडियो 'हर हर शंभू' में एक मैसेज डाला है, जिसमें कहा गया है कि एक कलाकार का कोई धर्म नहीं होता है। उसने लिखा कि गाने या संगीत का कोई धर्म नहीं होता। मास्टर सलीम, मोहम्मद रफी साब जैसे बुलंद गायकों ने भी भजन गए हैं, तो सभी से हाथ जोड़ कर निवेदन है कोई भी गाने या संगीत को धर्म से ना जोड़ें।

मेरठ के इमरान से हुई थी शादी

साल 2017 में नाज की शादी मेरठ के इमरान से हुई थी। एक साल बाद बेटा भी हुआ, लेकिन ससुराल वालों ने पीड़ित बच्चे के मेडिकल बिलों का भुगतान करने के लिए फरमानी की मां से पैसों की मांग की। इससे परेशान होकर फरमानी नाज फिर अपनी मां के घर चली गई और वहां रहने लगी। नाज इंडियन आइडल सीजन 12 में भाग लेने का फैसला किया लेकिन शो के दौरान उनके बेटे की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें शो छोड़कर वापस अपने घर लौटना पड़ा।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article