दुनिया

ऑफिस के लिए रास्ते में हो तो घर लौट जाओ- Twitter में छटनी शुरू! एलन मस्क का बड़ा फैसला

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 4, 2022, 06:18 PM IST

मीडिया रिपोर्टों में एक मेल के हवाले से कहा गया है कि एलन मस्क शुक्रवार से कर्मचारियों की छटनी शुरू कर देंगे। मस्क, पहले ही ट्विटर के बड़े अधिकारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा चुके हैं। अब दूसरे कर्मचारियों की बारी है। ट्विटर में बड़े पैमाने पर छटनी की आशंका है।

Image

ट्विटर में होगी छटनी (फोटो- AP)

ट्विटर को लेकर जिस बात की आशंका थी, वो अब सच साबित होती दिख रही है। कई दिनों से दावा किया जा रहा था कि ट्विटर को खरीदने के बाद एलन मस्क कंपनी में बड़े पैमाने पर छटनी करेंगे। यह दावा अब सच साबित होता दिख रहा है। कंपनी की तरफ से भेजे गए एक मेल में कंपनी के कर्मचारियों को शुक्रवार को ऑफिस नहीं आने के लिए कहा गया है।

रॉयटर्स के अनुसार ट्विटर ने शुक्रवार को कर्मचारियों को ईमेल भेजा है। जिसमें उन्हें अस्थायी रूप से ऑफिस आने के लिए मना किया गया है। कंपनी ने कर्मचारियों को एक ईमेल में कहा कि वह कटौती के बारे में शुक्रवार को फाइनल फैसला लेकर उन्हें अवगत करा देगी। ट्विटर ने कहा कि उसके कार्यालय अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।

ट्विटर ने कहा कि जिनकी नौकरी बची रहेगी, उन्हें मेल के माध्यम से सूचित कर दिया जाएगा। साथ ही जिनका नाम छटनी में है, उन्हें भी मेल भेजकर जानकारी दे दी जाएगी। दावा किया जा रहा है कि ट्विटर के 7,500 कर्मचारियों में से लगभग आधे को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा।

बता दें कि ट्विटर खरीदते ही मस्क ने कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया था। मस्क ने इस बात पर जोर दिया है कि कंपनी को अपनी कॉस्ट कंटिंग करनी पड़ेगी। इसी क्रम में ब्लू टिक पाए गए लोगों से भी मस्क फीस लेने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए बकायदा ऐलान भी कर दिया गया है। अब ब्लू टिक के लिए लोगों को आठ डॉलर प्रतिमाह देना पड़ेगा।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article