Elon Musk: एलन मस्क ट्विटर (Twitter) खरीदने के बाद से एक के बाद एक कड़े फैसले ले रहे हैं। पहले ही ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल और उनकी टीम को मस्क बाहर का रास्ता दिखा चुके हैं। अब उन्होंने ट्विटर के बोर्ड के सभी डायरेक्टर्स को हटा दिया है और खुद ट्विटर के सर्वोसर्वा बन गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ट्विटर के नए चीफ एलन मस्क ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म के पूरे बोर्ड को निकाल दिया है और अब वह ट्विटर के एकमात्र निदेशक हैं। इससे पहले ही मस्क ने कंपनी में बड़े पैमाने पर छंटनी का दावा करने वाली एक रिपोर्ट का खंडन किया था। मस्क के इस फैसले के बाद से ट्विटर के बोर्ड के सभी पिछले सदस्य अब निदेशक के पद से हट गए हैं।
44 बिलियन डॉलर में कंपनी का अधिग्रहण करने के बाद, मस्क ने सीईओ पराग अग्रवाल, सीएफओ नेड सहगल और नीति प्रमुख विजया गड्डे सहित शीर्ष अधिकारियों को पहले ही निकाल चुके हैं। हालांकि इसके लिए मस्क को भारी कीमत चुकानी पड़ी है।
वहीं एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मस्क ट्विटर के 75 प्रतिशत कर्मचारियों को निकाल सकते हैं, जिससे कर्मचारियों की संख्या 7,500 से घटाकर 2,000 हो जाएगी। हालांकि मस्क ने इसका खंडन किया है।
44 अरब डॉलर के ट्विटर का अधिग्रहण करने का सौदा इस साल अप्रैल में शुरू हुआ था, जब मस्क ने घोषणा की थी कि कंपनी में उनकी 9.2 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिससे वह इसके सबसे बड़ा शेयरधारक बन गए हैं। हालांकि इसके बाद मस्क इस सौदे से पीछे हट गए। जिसके बाद मामला कोर्ट के दरवाजे तक पहुंच गया था, इसके बाद मस्क ने इस डील को ओके किया था।
