टेक एंड गैजेट्स

लॉन्च हुआ भारतीय चैटबॉट Krutrim AI, चैटजीपीटी-जेमिनी को देगा टक्कर, जानें इस्तेमाल का तरीका

Krutrim AI Chatbot Rolls Out in Public Beta: अन्य जेनरेटिव एआई-आधारित चैटबॉट्स की तरह, यह प्रश्नों का उत्तर दे सकता है, निबंध लिख सकता है, व्यंजनों का सुझाव दे सकता है और यूजर्स के साथ बातचीत कर सकता है।

Image

Krutrim AI

Photo : Twitter

Krutrim AI Chatbot Rolls Out in Public Beta: भारतीय चैटबॉट कृत्रिम एआई बीटा यूजर्स के लिए जारी कर दिया गया है। ओला के संस्थापक और चेयरमैन भाविश अग्रवाल ने ओपनएआई के चैटजीपीटी और गूगल के जेमिनी को टक्कर देने के लिए भारत का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट 'कृत्रिम एआई' लॉन्च किया। कंपनी ने कहा कि नए एआई चैटबॉट को सार्वजनिक बीटा के रूप में रोल आउट किया जा रहा है और अब यह व्यापक यूजर बेस के लिए उपलब्ध है।

कृत्रिम एआई की खासियत

भारतीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चैटबॉट को लॉन्च करते हुए कंपनी ने कहा, "यह हमारी शुरुआत है और हमारा फस्ट जेनरेशन का प्रोडक्ट है। अभी बहुत कुछ आना बाकी है और जैसे-जैसे हम इसके आधार पर निर्माण करेंगे इसमें भी काफी सुधार होगा। हमें अपना फीडबैक दें।" बता दें कि कृत्रिम एआई एक सार्वजनिक बीटा के हिस्से के रूप में यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जो यूजर्स को नवीनतम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) संचालित चैटबॉट को आजमाने की अनुमति देता है। अन्य जेनरेटिव एआई-आधारित चैटबॉट्स की तरह, यह प्रश्नों का उत्तर दे सकता है, निबंध लिख सकता है, व्यंजनों का सुझाव दे सकता है और यूजर्स के साथ बातचीत कर सकता है।

10 से ज्यादा भाषा में जारी हुआ चैटबॉट

कंपनी के अनुसार, चैटबॉट अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, बंगाली, मराठी, कन्नड़, गुजराती और हिंग्लिश (हिंदी और अंग्रेजी का मिश्रण) सहित 10 से अधिक भारतीय भाषाओं में यूजर्स की मदद करेगा। भाविश अग्रवाल ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा कि, "जैसा कि वादा किया गया था, 'कृत्रिम एआई' बीटा रोलआउट आज से शुरू हो रहा है। अभी बहुत कुछ आना बाकी है।"

ऐसे कर सकेंगे इस्तेमाल

रोल आउट के बाद टाइम्स नाउ नवभारत ने कृत्रिम एआई चैटबॉट को आजमाया। इसको एक्सेस करने के लिए आपको कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाना है और ट्राई नाउ पर क्लिक करना है। इसके बाद आपको फोन नंबर और ओटीपी दर्ज करना है। अब यहां आपको भाषा का चुनाव करना होगा। भाषा चुनने के बाद आपको कुछ निर्देश दिए जाएंगे। ओके करने के बाद आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आप इसकी मदद से ChatGPT और गूगल के जेमिनी चैटबॉट्स की तरह ही सवाल कर सकते हैं।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article