Noida Crime News: गौतम बुद्ध नगर में दादरी थाना क्षेत्र के समाधिपुर गांव स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में गुरुवार को तड़के दो लोगों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी। इन लोगों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद इस घंटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हुआ है।
चाकू से हमला कर किया घायल
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि अजायबपुर गांव के पास स्थित ग्राम समाधिपुर में ‘नवज्योति नशामुक्ति केंद्र’ में भर्ती ग्राम जूनपद निवासी अरविंद (27), ग्राम घोड़ी बछेड़ा निवासी मोहित रावल और ग्राम डाढा निवासी लक्की के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब चार बजे मोहित रावल और लक्की ने अरविंद को चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ‘नवज्योति नशामुक्ति केंद्र’ के प्रबंधक रॉबिन ने घायल अरविंद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी मोहित रावल और लक्की को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
