क्रिकेट

एशिया कप जीतने के बाद रोहित शर्मा ने भरी विश्व कप को लेकर हुंकार, कहा-सही दिशा में जा रही है टीम इंडिया

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 17, 2023, 08:29 PM IST

एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को रौंदकर खिताबी जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने आगामी विश्व कप को लेकर हुंकार भरी है और कहा है कि भारतीय टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

कोलंबो: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एशिया कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ टीम के शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास लंबे समय तक याद रखे जायेंगे। मोहम्मद सिराज ने सात ओवर में 21 रन देकर छह विकेट लिये जिसकी मदद से भारत ने श्रीलंका को 50 रन पर आउट कर दिया। जवाब में यह लक्ष्य 6.1 ओवर में एक भी विकेट गंवाये बिना हासिल कर लिया।

लंबे समय तक याद रखा जाएगा ये प्रदर्शन

रोहित ने मैच के बाद कहा ,'यह शानदार प्रदर्शन था । फाइनल में इस तरह खेलना शानदार था। इससे टीम की मानसिकता पता चलती है। इस तरह का प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जायेगा। हमारे तेज गेंदबाज काफी समय से मेहनत कर रहे हैं । उन्हें इस तरह का प्रदर्शन करते देखना सुखद था । मैने कभी सोचा नहीं था कि गेंद इतनी घूमेगी। हालात के अलावा यह खिलाड़ियों के हुनर की भी बात है। यह काफी दुर्लभ है। सिराज के जैसा प्रदर्शन बार बार देखने को नहीं मिलता। सभी खिलाड़ियों ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया।'

सही दिशा में बढ़ रही है टीम इंडिया

विश्व कप से पहले भारत को आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला और दो अभ्यास मैच खेलने हैं। रोहित ने कहा कि टीम सही दिशा में जा रही है। उन्होंने कहा,'यह देखकर अच्छा लग रहा है कि टीम इस तरह के आत्मविश्वास के साथ सही दिशा में जा रही है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में चार विकेट गिरने के बाद हार्दिक और ईशान ने हमें बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद दूसरे मैच में विराट और केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की। गिल भी बेहतरीन फॉर्म में है। उसे बल्लेबाजी करना पसंद है। अलग-अलग समय पर अलग अलग खिलाड़ियों ने टीम को संकट से निकाला।'

End of Article