क्रिकेट

नाथन मैकस्वीनी ने बताया गाबा में कैसे करेंगे जसप्रीत बुमराह का सामना, तारीफ में पढ़े कसीदे

एडिलेड टेस्ट में मार्नस लाबुशेन के साथ 67 रन की साझेदारी करके टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने वाले नाथन मैकस्वीनी ने बताया है कि गाबा टेस्ट में वो बुमराह का कैसे करेंगे सामना?

Image

नाथन मैकस्वीनी

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • बुमराह का सामना करने के लिए तैयार हैं मैकस्वीनी
  • दो टेस्ट में तीन बार बन चुके हैं बुमराह का शिकार
  • दो टेस्ट खेल चुके मैकस्वीनी हुए बुमराह के मुरीद

ब्रिसबेन: शीर्ष तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पिछली चार पारियों में तीन बार नाथन मैकस्वीनी को आउट किया है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज को उम्मीद है कि वह शनिवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट में अपने भारतीय प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ रन बना पाएंगे। पच्चीस साल के मैकस्वीनी के अंतररराष्ट्रीय करियर की पर्थ में निराशाजनक शुरुआत हुई जब बुमराह ने पहले टेस्ट की पारियों पारियों में उन्हें आउट किया जिसमें उन्होंने 10 और शून्य रन बनाए। मैकस्वीनी ने हालांकि एडीलेड में 39 और नाबाद 10 रन की पारी खेली जिससे मेजबान टीम ने गुलाबी गेंद के टेस्ट में 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को 1-1 से बराबर किया।

मुश्किल है बुमराह जैसे खिलाड़ी का सामना करना

‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने मैकस्वीनी के हवाले से कहा,'अपने करियर की शुरुआत में जसप्रीत जैसे गेंदबाज का सामना करना, इससे ज्यादा मुश्किल कुछ नहीं है। एडिलेड में एक स्पैल खेलकर मैं कुछ आत्मविश्वास हासिल कर रहा हूं। मैं जितना ज्यादा उनका सामना करूंगा, मैं उनके खिलाफ उतना ही सहज हो जाऊंगा।' बुमराह ने पर्थ टेस्ट में आठ विकेट लिए थे जबकि एडीलेड में चार विकेट चटकाए जिससे मौजूदा दौरे पर भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं।

बेजोड़ गेंदबाज हैं बुमराह

डेविड वॉर्नर के संन्यास के बाद सलामी बल्लेबाज की जगह खाली होने के बाद मैकस्वीनी को पदार्पण का मौका मिला। उन्होंने बुमराह को ‘बेजोड़’ गेंदबाज बताया। मैकस्वीनी ने कहा,'पहली बार उनका सामना करना-वह काफी बेजोड़ गेंदबाज हैं। वह निश्चित रूप से विश्व स्तरीय हैं और मैंने जिन गेंदबाजों का सामना किया है उनमें से अधिकतर से थोड़े अलग हैं।' मैकस्वीनी बुधवार को नेशनल क्रिकेट सेंटर में ट्रेनिंग करने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों में शामिल थे। उन्होंने कहा,'मैंने उनकी दो अच्छी गेंदों का सामना किया (पर्थ में) इसलिए इस बात को ध्यान में रखकर खेलना और जो मैं कर रहा हूं उस पर भरोसा करना ही काफी है।

बुमराह का जितना करूंगा सामना उतना होता जाऊंगा बेहतर

इस सलामी बल्लेबाज ने कहा,'उन्होंने मुझे एडिलेड में फिर से आउट किया- वह एक बेहतरीन गेंदबाज हैं और विश्व स्तरीय खिलाड़ी के खिलाफ रणनीति बनाने के अनुभव का आनंद ले रहा हूं। उम्मीद है कि मैं जितना अधिक उनका सामना करूंगा उतना बेहतर होता जाऊंगा और यहां गाबा में कुछ और रन बना पाऊंगा।'मैकस्वीनी ने दिन-रात्रि टेस्ट की पहली पारी में मार्नस लाबुशेन के साथ 67 रन की साझेदारी की और उन्होंने कहा कि अपने सीनियर साथी को खेलते हुए देखने से मदद मिली।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article