क्रिकेट

मोहम्मद सिराज और ट्रेविस हेड के बीच हुए विवाद पर रिकी पॉन्टिंग ने रखी अपनी राय

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग ने भारत के मोहम्मद सिराज और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर हुए विवाद पर प्रतिक्रिया दी है।

Image

मोहम्मद सिराज और ट्रेविस हेड

Photo : AP

दुबई: रिकी पॉन्टिंग का मानना है कि भारत के मोहम्मद सिराज और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर हुए विवाद में ‘शुरुआत में कोई दुर्भावना नहीं थी’ और उन्होंने एडिलेड में दिन-रात्रि टेस्ट के दूसरे दिन हुई इस बहस को ‘आकस्मिक’ करार दिया। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के 82वें ओवर में बाएं हाथ के बल्लेबाज हेड ने डीप स्क्वायर लेग पर छक्का लगाया जिसके बाद सिराज ने उन्हें बोल्ड कर दिया और ड्रेसिंग रूम की ओर जाने का इशारा किया।

सिराज पर लगा 20 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना

भारतीय तेज गेंदबाज सिराज पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और हेड को फटकार लगाई गई जबकि दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया। पॉन्टिंग ने आईसीसी रिव्यू से कहा,'अब पीछे मुड़कर देखने पर मुझे लगता है कि जिस तरह से यह सब हुआ वह आकस्मिक था। मुझे नहीं लगता कि शुरुआत में कोई दुर्भावना थी।'

हेड के दावे से सिराज ने किया था इनकार

हेड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि उन्होंने आउट होने के बाद सिराज से कहा था कि ‘अच्छी गेंदबाजी की’ लेकिन भारतीय गेंदबाज ने तीसरे दिन खेल शुरू होने से पहले इस दावे से इनकार किया। पॉन्टिंग ने कहा,'मुझे पता है कि ट्रेविस ने कहा है कि उसने शुरुआत में कहा था कि ‘अच्छी गेंदबाजी की’। सिराज बेशक डीप बैकवर्ड स्क्वायर पर छक्का लगने से खुश नहीं था।'

सिराज की प्रतिक्रिया को पॉन्टिंग ने दबाव से जोड़ा

पूर्व ऑस्ट्रेलिया कप्तान ने हेड को आउट करने पर सिराज की प्रतिक्रिया को उन स्थितियों से जोड़ा जिसमें गेंदबाज दबाव में आ जाते हैं। उन्होंने कहा,'मुझे यकीन है कि रोहित (शर्मा) को इन तेज गेंदबाजों से ऐसी ही प्रतिक्रिया की उम्मीद होगी। जब वे दबाव में होते हैं और उनके खिलाफ शॉट लगते हैं और फिर उन्हें एक विकेट मिलता है तो आप उम्मीद करते हैं कि जोश के साथ खेलेंगे।'

बड़ी नहीं थी घटना

पॉन्टिंग ने कहा कि यह घटना ‘इतनी बड़ी बात नहीं थी’। उन्होंने कहा कि अंपायर उन गेंदबाजों के प्रति सख्त होते हैं जो बल्लेबाजों को इस तरह विदाई देते हैं। उन्होंने कहा,'यह इतनी बड़ी बात नहीं थी। मैं उस समय कमेंट्री बॉक्स में था। जैसे ही मैंने विदाई देते हुए देखा तो मैं सिराज के लिए चिंतित हो गया। मुझे पता है कि अंपायर ऐसी चीजों पर कैसे प्रतिक्रिया देते हैं। अंपायर और रेफरी को ड्रेसिंग रूम की ओर इशारा करते हुए विदाई देते हुए देखना पसंद नहीं है।'पॉन्टिंग ने हालांकि इस घटना को अधिक तवज्जो देने से इनकार करते हुए कहा कि सिराज और हेड दोनों ने बाद में टेस्ट मैच में अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article