क्रिकेट

Ashwin 500 Wickets: अश्विन ने रच दिया इतिहास, 500 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Feb 16, 2024, 04:08 PM IST

Ravichandran Ashwin Completes 500 Test Wickets: भारत और इंग्लैंड के बीच राजकोट में जारी टेस्ट मैच में आखिरकार वो इंतजार खत्म हुआ जिसके लिए फैंस टकटकी लगाए बैठे थे। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट करियर में 500 विकेट पूरे करके नया इतिहास रच दिया है। वो ये कमाल करने वाले दूसरे भारतीय क्रिकेटर, दुनिया में दूसरे ऑफ स्पिनर और विश्व के नौवें गेंदबाज बन गए हैं।

Image

Ashwin 500 Wickets: अश्विन ने रच दिया इतिहास, 500 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-इंग्लैंड राजकोट टेस्ट मैच
  • रविचंद्रन अश्विन ने रचा इतिहास
  • अश्विन 500 टेस्ट विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने

Ravichandran Ashwin 500 Test Wickets: टीम इंडिया और मेहमान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच राजकोट में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच के दूसरे दिन आखिरकार वो कमाल हो गया जिसका फैंस इंतजार कर रहे थे। भारत के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इतिहास रच दिया है। अश्विन ने अपने टेस्ट क्रिकेट करियर में 500वें विकेट पूरे कर लिए हैं, वो इस सफलता से सिर्फ एक विकेट दूर थे। उन्होंने इंग्लैंड के जैक क्रॉली को अपना 500वां टेस्ट शिकार बनाया।

इससे पहले भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में अश्विन को कोई विकेट नहीं मिला था, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और 72 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। हालांकि वो 500 विकेट पूरे करने से एक विकेट दूर रह गए थे। राजकोट में तीसरे टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड का पहला विकेट लेते ही अश्विन ने 500 टेस्ट विकेट का आंकड़ा छू लिया और ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। अश्विन से पहले भारतीय क्रिकेट में ये कमाल सिर्फ पूर्व लेग स्पिनर अनिल कुंबले (619 विकेट) ने किया था।

वहीं अश्विन अब विश्व क्रिकेट में 500 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले नौवें गेंदबाज भी बन गए हैं। इसके अलावा अश्विन टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के तीसरे सबसे सफल ऑफ स्पिनर भी बन गए हैं। ऑफ स्पिनर्स में शीर्ष पर श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी मुथैया मुरलीथऱन (800 विकेट) हैं जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के ऑफ स्पिनर नाथन ल्योन (517 विकेट) का नाम दर्ज है।

500 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट

1. मुथैया मुरलीथरन (श्रीलंका)- 800 विकेट

2. शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया)- 708 विकेट

3. जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड)- 696 विकेट*

4. अनिल कुंबले (भारत)- 619 विकेट

5. स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड)- 604 विकेट

6. ग्लेन मैकग्रा (ऑस्ट्रेलिया)- 563 विकेट

7. कॉर्टनी वॉल्श (वेस्टइंडीज)- 519 विकेट

8. नाथन ल्योन (ऑस्ट्रेलिया)- 517 विकेट

9. रविचंद्रन अश्विन (भारत)- 500 विकेट*

भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 2011 में अपना टेस्ट करियर शुरू किया था और पिछले 13 सालों में उन्होंने 98 टेस्ट मैचों में 500 टेस्ट विकेट पूरे किए। साथ-साथ 156 वनडे विकेट और 72 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट भी वो अपने नाम कर चुके हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article