क्रिकेट

ENG vs NZ: न्यूजीलैंड ने की घातक गेंदबाजी, इंग्लिश टीम को 150 रन के अंदर समेटा

England vs New Zealand 3rd Test Day-2 Match Highlights: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने विशाल बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे टीम न्यूजीलैंड की टीम 347 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम की पहली पारी 150 रन अंदर सिमट गई।

Image

विकेट लेने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाड़ी। (फोटो- BLACKCAPS X)

Photo : Twitter

England vs New Zealand 3rd Test Day-2 Match Highlights: मैट हेनरी (48 रन पर चार विकेट), विलियम ओ’राउरकी (33 रन पर तीन विकेट) और मिचेल सेंटनर (सात रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की श्रृंखला के आखिरी टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को यहां इंग्लैंड की पहली पारी को 143 रन पर समेटने के बाद दूसरी पारी में तीन विकेट पर 136 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 347 रन पर सिमटी थी।

पहली पारी में 204 रन की बढ़त हासिल करने वाले न्यूजीलैंड के पास अब 340 रन की बढ़त है और उसके सात विकेट शेष है। दूसरे दिन स्टंप्स से ठीक पहले दिग्गज केन विलियमसन (50) ने अपना 38वां अर्धशतक पूरा किया। क्रीज पर उनके साथ रचिन रवींद्र (दो) मौजूद है। हेनरी और ओ’राउरकी ने 82 रन तक इंग्लैंड की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया था। कप्तान बेन स्टोक्स (27) और ओली पोप (24) ने छठे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर मैच में वापसी की कोशिश की।

सेंटनर ने हालांकि तीन रन के अंदर दोनों को चलता किया जिससे इंग्लैंड ने 10 रन के अंदर आखिरी के पांच विकेट गंवा दिये। टीम के लिए जो रूट ने सबसे ज्यादा 32 रन का योगदान दिया। इससे पहले न्यूजीलैंड ने नौ विकेट पर 303 रन से आगे से दिन की शुरुआत की। सेंटनर (76) और ओ’राउर की की आखिरी जोड़ी ने दिन की शुरुआत में 15 ओवर से ज्यादा बल्लेबाजी कर इंग्लैंड के गेंदबाजों को परेशान किया। शुरूआती नौ टेस्ट में महज 13 रन बनाने वाले ओ’राउरकी ने इस दौरान गस एटकिंसन के खिलाफ अपने करियर का पहला चौका जड़ा।

मैथ्यू पॉट्स ने इस साझेदारी को तोड़कर न्यूजीलैंड की पारी को 347 रन पर खत्म किया। सेंटनर और ओ’राउरकी ने 44 रन की साझेदारी की। ओ’राउरकी ने इसके बाद इंग्लैंड की पहली पारी को 35.5 ओवर में समेटने में अहम योगदान दिया। उन्होंने लगातार गेंदों पर जैकब बेथेल (12) और हैरी ब्रुक (शून्य) को चलता करने के बाद अपने अगले ओवर में रूट को पवेलियन की राह दिखायी। इससे पहले जैक काउली ने आक्रामक बल्लेबाजी की कोशिश की लेकिन हेनरी ने 14 गेंद में 21 रन की उनकी पारी को खत्म करने के बाद बेन डकेट (11) को पगबाधा कर इंग्लैंड को एक रन के अंदर दो झटके दिये।

टॉम लाथम (19) और विल यंग (60) ने दूसरी पारी में टीम को सतर्क शुरुआत दिलाई। एटकिंसन ने कप्तान लाथम को आउट कर 35 रन की साझेदारी को तोड़ा। यंग ने इसके बाद विलियमसन के साथ् दूसरे विकेट के लिए 89 रन जोडकर मैच पर न्यूजीलैंड की पकड़ और मजबूत कर दी। यंग ने 85 गेंद की पारी में नौ चौके जड़े। इंग्लैंड शुरुआती दो टेस्ट जीतकर पहले ही श्रृंखला अपने नाम कर चुका है।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article