बेंगलुरु: तमिलनाडु के ओपनर नारायण जगदीशन (Narayan jagadeesan) ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) के मुकाबले में शतक जमाकर इतिहास रच दिया। एन जगदीशन ने भारतीय टीम (India Cricket team) के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एन जगदीशन विजय हजारे ट्रॉफी के एक एडिशन में सबसे ज्यादा शतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ जो शतक जमाया, वो मौजूदा टूर्नामेंट में उनका पांचवां शतक है।
यही नहीं, एन जगदीशन ने विजय हजारे ट्रॉफी के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने इस मामले में भी विराट कोहली को पीछे छोड़ा। बता दें कि नारायण जगदीशन ने मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश से पहले आंध्र प्रदेश (114*), छत्तीसगढ़ (107), गोवा (168) और हरियाणा (128) के खिलाफ शतक जमाए थे। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2008-09 संस्करण में चार शतक जमाए थे।
विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक जमाने वाले बल्लेबाज
- 5* - नारायण जगदीशन
- 4 - विराट कोहली
- 4 - पृथ्वी शॉ
- 4 - रुतुराज गायकवाड़
- 4 - देवदत्त पडिक्कल
विराट कोहली उस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे। तब उन्होंने 7 मैचों में 89 की औसत से 534 रन बनाए थे। एन जगदीशन ने यहां भी कोहली को पीछे छोड़ा और 6 मैचों में 100 से ज्यादा की औसत से 600 से ज्यादा रन बनाए। वैसे, जगदीशन ने विजय हजारे ट्रॉफी के एक एडिशन में सबसे ज्यादा शतक जमाने के मामले में रुतुराज गायकवाड़, पृथ्वी शॉ और देवदत्त पडिक्कल को भी पीछे छोड़ा। इन तीनों बल्लेबाजों ने भी एक एडिशन में चार शतक जमाए हैं।
एन जगदीशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार पांच शतक जमाए और लिस्ट ए क्रिकेट में नया रिकॉर्ड स्थापित किया। उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा, दक्षिण अफ्रीका के अलविरो पीटरसन और देवदत्त पडिक्कल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में लगातार चार शतक जमाए थे।
