एडिलेड: इंग्लैंड (England Cricket team) को भारत (India Cricket team) के खिलाफ गुरुवार को एडिलेड में टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) का सेमीफाइनल मैच खेलना है। इंग्लैंड की मुसीबतें बढ़ चुकी हैं क्योंकि उसके प्रमुख बल्लेबाज और पूर्व नंबर-1 टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज डेविड मलान (Dawid Malan) का सेमीफाइनल में खेलना मुश्किल हो गया है। अनुभवी ऑलराउंडर मोइन अली (Moeen Ali) ने सोमवार को इसकी पुष्टि की है। मोइन अली ने बताया कि डेविड मलान को श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में ग्रोइन की समस्या बढ़ गई थी, जिसके चलते उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था।
मोइन अली ने बताया कि बाएं हाथ के बल्लेबाज के हाल अच्छे नजर नहीं आ रहे हैं। मोइन अली ने बीबीसी से बातचीत में कहा, 'वो सालों से हमारे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। मुझे नहीं पता, लेकिन आपसे ईमानदारी से कहूं तो यह अच्छा नजर नहीं आ रहा है। वो कल स्कैन्स के लिए गए और जब लौटे तो हम नहीं जानते, लेकिन यह अच्छा नजर नहीं आ रहा है।'
इंग्लैंड पहले ही अपने फॉर्म और प्रदर्शन चिंता के कारण टूर्नामेंट में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सका है। इंग्लैंड को सुपर-12 राउंड में आयरलैंड के खिलाफ शिकस्त मिली थी, लेकिन श्रीलंका पर जीत दर्ज करने के बाद वो टॉप-4 में जगह पक्की कर पाई। यह पूछने पर कि भारत के खिलाफ इंग्लैंड की टीम अंडरडॉग रहेगी तो इंग्लिश ऑलराउंडर ने कहा कि यह सच है कि इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 फाइनल में अपनी क्षमता के मुताबिक काम नहीं किया।
मोइन अली ने आगे कहा, 'इंग्लैंड की टीम अंडरडॉग है। भारत ने पिछले साल से शानदार प्रदर्शन किया और अगर आप टूर्नामेंट पर ध्यान दें तो उन्होंने शानदार खेला है। मुझे नहीं लगता कि ईमानदारी से हम कहीं पीछे हैं।' इंग्लैंड और भारत के बीच 10 नवंबर को एडिलेड में जंग होगी। मगर भारतीय टीम जीत की प्रबल दावेदार लग रही है क्योंकि उसने सुपर-12 राउंड के अपने अंतिम मैच में जिंबाब्वे को 71 रन से मात दी थी।
