श्रीनगर: मुंबई के क्रिकेटर सरफराज खान ने जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले की एक लड़की से शादी की। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले सरफराज को अपने ससुराल में काली शेरवानी में देखा जा सकता है। खान ने एक स्थानीय पोर्टल के साथ बातचीत में कहा, 'कश्मीर में शादी करना किस्मत में था।' घरेलू क्रिकेट पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले इस बल्लेबाज ने कहा, 'अगर अल्लाह की मर्जी हुई तो मैं एक दिन भारत के लिए जरूर खेलूंगा।' क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक जमा हो गये थे।
लेडी लक से बदलेगी तकदीर
सरफराज खान घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हुए लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया गया था तो बहुत विवाद हुआ था। सुनील गावस्कर जैसे खिलाड़ी उनके समर्थन में आ गए थे। फिटनेस और अनुशासन की कमी को सरफराज की टीम इंडिया में एंट्री का राह का रोड़ा बताया गया। लेकिन अब वो विवाह बंधन में बंध गए हैं। ऐसे में देखना होगा कि लेडी लक उनकी किस्मत बदलेगा या नहीं।
