क्रिकेट

AFG vs PAK 2nd ODI Highlights: बाल-बाल बचा पाकिस्तान, रोमांचक मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ 1 विकेट से जीता

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Aug 25, 2023, 02:04 PM IST

AFG vs PAK 2nd ODI Highlights: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच श्रीलंका में चल रही वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तानी टीम हारने से बाल-बाल बची। अफगानिस्तानी टीम ने रोमांचक मुकाबले में पाक टीम को अंत तक बांधे रखा। पाक के पास सिर्फ 1 विकेट बाकी था और उन्हें 1 गेंद बाकी रहते एक विकेट से जीत नसीब हुई।

Image

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को 1 विकेट से हराया (PCB)

Photo : Twitter

AFG vs PAK 2nd ODI Match Highlights: श्रीलंका के हंबनटोटा में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मैच में पाकिस्तानी टीम हांफते-हांफते जीत तक पहुंच सकी। अफगानिस्तानी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तानी टीम को अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद तक बांधे रखा। पाकिस्तान के पास सिर्फ एक विकेट बाकी था, हालांकि रोमांचक अंत में पाकिस्तान ने 1 विकेट से जीत दर्ज कर ली और सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

दूसरे वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। अफगानी टीम की तरफ से उनके दोनों ओपनर्स ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 227 रनों की विशाल ओपनिंग पार्टनरशिप को अंजाम दिया। रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपने वनडे करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर (151 रन) बनाया, जबकि इब्राहिम जदरान ने 80 रनों की जोरदार पारी खेली। पाकिस्तानी गेंदबाज अफगानिस्तान के सिर्फ 5 विकेट गिरा पाए और उन्होंने 50 ओवर में 300 रन का स्कोर खड़ा कर दिया।

जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम की तरफ से शीर्ष क्रम में कप्तान बाबर आजम ने 53, जबकि इमाम उल हक ने 91 रनों की पारी खेली। इसके बाद मध्यक्रम में बल्लेबाज लड़खड़ाते नजर आए। सिर्फ उपकप्तान ऑलराउंडर शादाब खान पिच पर टिके रहे और गिरते विकेटों के बीच मैच को अंतिम ओवर तक ले गए।

आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और उनके दो विकेट बाकी थे। फजलहक फारुकी के इस अंतिम ओवर की पहली ही गेंद पर खूब रोमांच हुआ। पहली गेंद वाइड थी लेकिन शादाब खान इस गेंद पर दौड़ पड़े और रन आउट हो गए। उन्होंने 48 रनों की पारी खेली लेकिन अब पाकिस्तान के पास सिर्फ 1 विकेट बाकी था।

इसके बाद फजलहक फिर से पहली गेंद करने आए जिस पर नसीम शाह ने शानदार अंदाज में चौका जड़ दिया। अब 5 गेंदों में 7 रन चाहिए थे। नसीम शाह दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं ले सके, तीसरी गेंद पर 1 रन लिया। फिर चौथी गेंद पर हारिस राउफ ने 3 रन बनाए और पांचवीं गेंद पर चौका जड़कर अपनी टीम को 1 विकेट से जीत दिला दी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article