UAE vs NZ: यूएई और न्यूजीलैंड के बीच पहली बार टी20 सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन कर यूएई को उसके घर में हराया और सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। लेकिन दो दिन बाद यूएई ने न्यूजीलैंड से हार का बदला ले लिया। सीरीज के दूसरे मुकाबले में यूएई ने न्यूजीलैंड को 26 गेंदें शेष रहते हुए 7 विकेट से हराया। यह मुकाबला काफी रोमांचक था। यूएई ने न्यूजीलैंड को पहली बार हराया है। इसी जीत के साथ अब तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 अगस्त को खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रहे फेल
सीरीज के दूसरे मुकाबले में यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज का फैसला किया। पहले खेलने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 40 रन के अंदर टीम के चार खिलाड़ी आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मार्क चैपमैन ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संभाला। उन्होंने 136.95 की स्ट्राइक रेट से 46 गेंउों पर 3 चौके और इतने की छक्के की मदद सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। यूएई के अयान अफजल खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
वसीन ने खेली कप्तानी पारी
जवाब में खेलने उतरी यूएई को पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर पहला झटका लगा। आर्यांश शर्मा ने तीन गेंदों का सामना किया और बिना खाता खोले वापस लारैट गए। मोहम्मद वसीम ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 29 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। वहीं, असिफ खान अर्धशतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 48 रनों की नाबाद पारी खेली। न्यूजीलैंड के टिम साउदी, मिचेल सेंटनर और काइल जेमीसन न एक-एक विकेट चटकाए।
