2025 Kia Syros Rear Recliner Seat: किआ इंडिया 19 दिसंबर को भारत में लॉन्च से पहले एक-एक कर अपनी दूसरी कॉम्पैक्ट एसयूवी की जानकारी दे रही है। हाल ही कार की नई झलक में इसका इंटीरियर दिखा है, वहीं अब एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। नई किआ सायरोस की पिछली सीट्स को रिक्लाइनर फंक्शन दिया जाएगा, यानी पिछले यात्री कार की सीट को पीछे कर सकते हैं। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ की पुष्टि भी यहां हो गई है। इसके साथ कई ड्राइविंग मोड्स भी मिलने वाले हैं जिनके लिए आकर्षक रोटरी डायल दिया गया है। कंपनी निश्चित ही इस कार को आगामी भारत मोबिलिटी एक्सपो 2025 में इसका डेब्यू करने वाली है।
पहले कौन सा मॉडल आएगा
किआ इंडिया यहां के मार्केट में इलेक्ट्रिक से पहले फ्यूल से चलने वाला मॉडल लॉन्च करेगी, इसके साथ हाइब्रिड भी लॉन्च किया जा सकता है। किआ सायरोस का इलेक्ट्रिक वेरिएंट इसी मॉडल पर आधारित होगा। कुल मिलाकर किआ अपनी सिस्टर कंपनी ह्यून्दे की सुपरहिट हो चुकी एक्सटर के मुकाबले में ये कार लाना चाह रही है। सेगमेंट में इसका मुकाबला ह्यून्दे वेन्यू से भी होने वाला है। फिलहाल किआ इंडिया सालाना इस कॉम्पैक्ट एसयूवी की 1 लाख यूनिट बनाने का प्लान लेकर चल रही है जिसका 80 फीसदी हिस्सा ईंधन से चलने वाला होगा।
जोरदार होगा मुकाबला
किआ भारतीय मार्केट में मजबूत पकड़ बना चुकी है और अब सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में भी एंट्री करेगी। यानी टाटा पंच से लेकर ह्यून्दे एक्सटर और कई अन्य दमदार कारों से इसका मुकाबला होगा। नई सायरोस कॉम्पैक्ट एसयूवी के साथ कंपनी बिक्री में जोरदार इजाफे की उम्मीद लेकर चल रही है। इस कार के साथ कंपनी 1-लीटर पेट्रोल और 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन दे सकती है, इसके अलावा टॉप मॉडल में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन का विकल्प भी दिया जा सकता है। पेट्रोल इंजन के अलावा कंपनी नई सायरोस को इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड पावरट्रेन विकल्पों में भी पेश कर सकती है।
