Kalki Dham Temple: संभल में बनने जा रहे कल्कि धाम मंदिर का 19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिलान्यास करने जा रहे हैं। शिलान्यास समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। बता दें इस मंदिर का नक्शा अक्षरधाम और अयोध्या श्रीराम मंदिर बनाने वाले इंजीनियर ने तैयार किया है। ये भव्य मंदिर आचार्य प्रमोद कृष्णम की निजी जमीन पर बन रहा है। जानिए संभल के ऐंचोड़ा कंबोह के कल्कि मंदिर की खासियत।
About Kalki Dham Mandir In Hindi
श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने 18 साल पहले श्री कल्कि धाम को बनवाने का सपना देखा था जो अब साकार होने जा रहा है। पुराणों के अनुसार कलियुग के अंत में भगवान विष्णु कल्कि रूप में अवतार लेंगे। जो पापियों का नाश करेंगे। मान्यता अनुसार कल्कि अवतार के बाद कलयुग खत्म हो जाएगा। भगवान कल्कि श्री हरि विष्णु के एक ऐसे अवतार हैं जिनका धाम उनके जन्म से पहले ही स्थापित किया जा रहा है। इस मंदिर का शिखर 108 फीट ऊंचा होगा।
जानकारी अनुसार सोमनाथ और अयोध्या के राम मंदिर में लगा गुलाबी पत्थर श्री कल्कि धाम में भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके बाद तैयार मॉडल के अनुसार ही धाम का निर्माण शुरू किया जाएगा। मंदिर में भगवान विष्णु के सभी 10 अवतारों के अलग-अलग गर्भगृह होंगे। पुराणों अनुसार कलियुग में भगवान कल्कि संभल में अवतरित होंगे। वे घोड़े पर सवार होकर तलवार से शत्रुओं का नाश करेंगे।
अयोध्या राम मंदिर की तरह ही संभल का कल्कि मंदिर भी लंबे संघर्ष के बाद बन रहा है। संभल में साल 2016 में ही कल्कि मंदिर का शिलान्यास किया जाना था लेकिन सपा शासनकाल में जिला प्रशासन ने इस पर रोक लगा दी थी। लेकिन अगस्त 2023 में उच्च न्यायालय ने मंदिर निर्माण को लेकर लगी रोक हटा दी थी। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने श्री कल्कि धाम के निर्माण पर लगी रोक को हटवाने के लिए सात साल लड़ाई लड़ी और अब आखिरकार इस मंदिर का शिलान्यास होने जा रहा है।
