देश

बुर्का पहनकर मॉल के महिला शौचालय में घुसा युवक, बनाने लगा वीडियो, निकला IT प्रोफेशनल

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 17, 2023, 02:05 PM IST

इन्फोपार्क में स्थित एक प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी में काम करने वाला आरोपी बुर्का पहनकर बुधवार को लुलू मॉल के महिला शौचालय में घुस गया और अपना मोबाइल फोन वहां रख दिया।

Image

शौचालय में महिलाओं का वीडियो बनाने वाला युवक गिरफ्तार

Photo : PTI

IT Professional Arrested: केरल में एक लोकप्रिय मॉल में बुर्का पहनकर महिलाओं के शौचालय में घुसने और अपने फोन से वीडियो बनाने के आरोप में 23 वर्षीय आईटी पेशेवर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि यह घटना बुधवार को लुलु मॉल में हुई। बी.टेक-स्नातक की पढ़ाई करने वाले आरोपी के खिलाफ उसी दिन भारतीय दंड संहिता की धारा 354सी (ताक-झांक), 419 (भेष बदलने) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66ई के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

अदालत ने 14 दिन के लिए भेजा जेल

कलामसेरी थाने एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद, उसे एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि इन्फोपार्क में स्थित एक प्रमुख सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी में काम करने वाला आरोपी बुर्का पहनकर बुधवार को लुलू मॉल के महिला शौचालय में घुस गया और अपना मोबाइल फोन वहां रख दिया।

पुलिस के अनुसार, उसने अपना फोन एक छोटे कार्डबोर्ड बॉक्स में रखा, वीडियो बनाने के लिए उसमें एक छेद किया और उसे शौचालय के दरवाजे पर चिपका दिया। इसके बाद आरोपी वहां से निकला और शौचालय के मुख्य दरवाजे के सामने खड़ा हो गया।

बुर्का पहनकर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस ने कहा कि पूछताछ में पता चला कि वह महिला का भेष धारण करके अपने मोबाइल से शौचालय का वीडियो बना रहा था। इसके बाद आरोपी का बुर्का और मोबाइल फोन जब्त किया गया और उसे हिरासत में लिया गया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी कहीं इस तरह की हरकतें तो नहीं की हैं। (Bhasha)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article