देश

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने PM मोदी को लेकर दिया विवादित बयान, बोली BJP- ये है राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान?

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Sep 23, 2023, 07:00 PM IST

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने शनिवार को उदय भान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

Image

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान ने पीएम मोदी पर दिया विवादित बयान

Photo : ANI

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को भाजपा नेताओं ने शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि उदय भान पीएम मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला भी बोला है।

बिप्लब कुमार देब का ट्वीट

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने शनिवार को उदय भान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर कहा- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान की भारत के प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्द कांग्रेस की विकृत मानसिकता को दर्शाता है। ये है राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान? विपक्ष के किसी नेता ने इसकी निंदा की? कांग्रेस ने इनसे माफी मांगने को कहा?

संबित पात्रा का राहुल गांधी पर हमला

वहीं संबित पात्रा ने भी इस मामले पर उदय भान को घेरा। उन्होंने कहा- "ये महानुभाव हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। देश के प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री को लेकर इनकी नफरती भाषा सुनिए... मोहब्बत की तथाकथित दुकान चलाने वाले राहुल गांधी के खास सिपहसलार हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान की यह घोर आपत्तिजनक और निंदनीय भाषा कांग्रेस पार्टी की घृणित मानसिकता को दर्शाता है। मुझे कोई आश्चर्य नहीं होगा कि हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बयान राहुल गांधी के कहने पर दिया हो, क्यूंकि प्रधानमंत्री के प्रति उनकी नफरत और घृणा जगजाहिर है। गांधी परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी जी के प्रति जो नफरत का बीजारोपण कांग्रेस पार्टी के अंदर किया है, यह नफरत और गाली का प्रस्फुटन उसी का परिणाम है।"

मनोहर लाल खट्टर का हमला

इसे लेकर हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने भी हमला बोला है। उन्होंने कहा- "परिवारवाद में डूबी पार्टी और परिवारवाद की मानसिकता के गुलाम लोग नहीं समझ पाएंगे कि देश के 140 करोड़ लोगों को माननीय प्रधानमंत्री जी और हरियाणा के पौने तीन करोड़ लोगों को मैं अपना परिवार मानता हूं। कांग्रेस को मैं नहीं हमारे परिवार के यही लोग जवाब देंगे।"

उदय भान की सफाई

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा- "मैंने नाम भी नहीं लिया। मैंने जो कहा वह गलत था? क्या मैंने अपशब्दों का इस्तेमाल किया? मैंने केवल सच कहा। अगर कुछ भी गलत कहा होता तो मैं माफी मांगता...बीजेपी को अपने सांसदों और नेताओं को रखना चाहिए नियंत्रण में हूं। मैंने पहले भी 20-30 रैलियों में ऐसी ही बातें कही हैं। अगर मैंने कुछ भी गलत कहा है तो वे अदालत जा सकते हैं।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article