Body Detoxification : शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बाहरी सफाई के साथ-साथ आंतरिक सफाई की भी जरूरत होती है। अगर आप आंतरिक रूप से शरीर की सफाई नहीं करते हैं, तो इससे कई तरह की परेशानियां होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में शरीर के अंदर मौजूद गंदगी को बाहर निकालना बहुत ही जरूरी होता है। शरीर में मौजूद गंदगी को प्राकृतिक तरीकों से बाहर किया जा सकता है, जिससे आप गंभीर बीमारियों के खतरों को टाल सकते हैं। साथ ही बॉडी डिटॉक्सिफिकेशन के लिए लाइफस्टाइल में भी बदलाव की जरूरत होती है। आइए जानते हैं शरीर की गंदगी को साफ कैसे करें?
बॉडी को डिटॉक्स कैसे करें?
बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए आप निम्न तरीकों को आजमा सकते हैं, जैसे-
पर्याप्त मात्रा में पिएं पानी
शरीर को डिटॉक्स करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इससे शरीर के डिटॉक्सिफिकेशन में काफी मदद मिलती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से किडनी के माध्यम से शरीर में मौजूद अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकल जाता है। साथ ही इससे शरीर में जमा गंदगी के जोखिम को भी कम किया जा सकता है। पानी पीने से आप अपने शरीर के तापमान को भी कंट्रोल कर सकते हैं।
नींबू है जरूरी
बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए अपने आहार में नींबू को जरूर शामिल करें। नींबू विटामिन सी से भरपूर होने के साथ-साथ एंटीऑक्सीडेंट्स का भी काफी अच्छा स्त्रोत होता है, जो शरीर में मौजूद गंदगी को साफ करने में आपकी मदद कर सकता है। इसके अलावा नींबू का सेवन करने से शरीर के पीएच लेवल को भी संतुलित किया जा सकता है।
भरपूर रूप से लें नींद
बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए पर्याप्त मात्रा में नींद लें। अच्छी और गहरी नींद लेने से शरीर में मौजूद गंदगी को बाहर किया जा सकता है। वहीं, अगर आप पर्याप्त रूप से अच्छी और गहरी नींद नहीं लेते हैं, तो इससे कई तरह की परेशानी जैसे- तनाव, चिंता, हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्या हो सकती है।
फाइबर युक्त आहार
बॉडी डिटॉक्स करने के लिए डाइट पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। इसके लिए अपने आहार में एंटीऑक्सिडेंट्स और फाइबर से भरपूर आहार जैसे- सब्जियां, फलों और बीजों को शामिल करें। फाइबर युक्त आहार का सेवन करने से शरीर के अपशिष्ट पदार्थों को आसानी से बाहर किया जा सकता है।
बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए आप इन आसान से उपायों को फॉलो कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि अगर आप बार-बार बीमार पड़ रहे हैं तो इस स्थिति में डॉक्टर से सलाह जरूर लें। ताकि आपकी परेशानियों का सही कारण और इलाज हो सके।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
