एजुकेशन

India Post Recruitment 2026: इंडिया पोस्ट में स्टाफ कार ड्राइवर पदों पर निकली भर्ती, 56 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

India Post Recruitment 2026: इंडिया पोस्ट द्वारा स्टाफ कार ड्राइवर पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इस भर्ती में हिस्सा लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को बता दें कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन है।

Image

India Post Recruitment 2026 (Photo - AI)

India Post Recruitment 2026: अगर आपको ड्राइविंग आती है और आप केंद्र सरकार के अंतर्गत एक स्थिर नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो भारतीय डाक विभाग आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है। डाक विभाग ने 'स्टाफ कार ड्राइवर' (Dak Vibhag Bharti 2026) के पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें आयु सीमा में काफी छूट दी गई है, जिससे 55 वर्ष से अधिक उम्र वाले अनुभवी उम्मीदवार भी आवेदन करने के एलिजिबल हो गए हैं। इतना ही नहीं, चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल 2 के तहत मासिक वेतन दिया जाएगा। अगर आप भी डाक विभाग द्वारा निकाली गई इस भर्ती में हिस्सा लेना चाहते हैं तो ऑफलाइन माध्यम से समय रहते फॉर्म सबमिट करें।

कितने पदों पर होगी भर्ती?

डाक विभाग द्वारा यह भर्ती मैनेजर, मेल मोटर सर्विस (MMS), बेंगलुरु कार्यालय के अंतर्गत निकाली गई है। इसके माध्यम से कुल 11 पदों को भरा जाएगा। पदों का विवरण इस प्रकार है-

MMS बेंगलुरु10 पद
MMS सब-डिपो मैसूरु01 पद

क्या है आवेदन की अंतिम तिथि

बता दें कि आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो गई है। विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, रोजगार समाचार पत्र में विज्ञापन प्रकाशित होने के 60 दिनों के भीतर उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। उसके बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही उम्मीदवारों को आवेदन भेजने हैं।

कौन कर सकता है आवेदन? जानिए शैक्षणिक व अन्य योग्यताएं

- उम्मीदवार किसी भी मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से 10वीं कक्षा (मैट्रिकुलेशन) पास होना चाहिए।

- हल्के (LMV) और भारी (HMV) मोटर वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है।

- उम्मीदवारों के पास हल्के और भारी वाहन चलाने का कम से कम 3 साल का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए।

- वाहन में आने वाली छोटी-मोटी तकनीकी कमियों को खुद ठीक करने का ज्ञान होना चाहिए।

भर्ती को लेकर पूरी करनी होगी यह शर्ते

डाक विभाग की इस भर्ती की सबसे मुख्य शर्त यह है कि अभ्यर्थी पहले से केन्द्रीय शासकीय कर्मचारी होना चाहिए, क्योंकि यह नियुक्ति प्रतिनियुक्ति/समावेशन (Deputation/Absorption) के आधार पर की जाएगी। इसमें पहली प्राथमिकता डाक विभाग के नियमित कर्मचारियों (जैसे डिस्पैच राइडर और मल्टी टास्किंग स्टाफ - MTS) को दी जाएगी। यदि डाक विभाग से योग्य उम्मीदवार प्राप्त नहीं होते हैं, तो अन्य केंद्रीय विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के आवेदनों पर विचार किया जाएगा।

क्या है भर्ती की आयु सीमा

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु सीमा 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे में जिन कर्मचारियों की उम्र 50 वर्ष से अधिक है, वे भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा, सशस्त्र बलों (Armed Forces) से सेवानिवृत्त हो रहे जवान या जिनका एक वर्ष के भीतर ट्रांसफर/डिस्चार्ज होना तय है, वे भी आवेदन करने योग्य माने जाएंगे।

स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे करें ऑफलाइन आवेदन

फॉर्म डाउनलोड करें: इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट www.indiapost.gov.in से नोटिफिकेशन के साथ दिए गए आवेदन पत्र (Application Form) का प्रिंट आउट निकालें। (जिस पर 'Serving Eligible Govt Employee Only' लिखा होगा)।

जानकारी दर्ज करें: फॉर्म में अपना नाम, जन्मतिथि, वर्तमान कार्यरत विभाग, पद, सैलरी, ड्राइविंग लाइसेंस और अनुभव से जुड़ी जानकारी सही-सही भरें।

दस्तावेज संलग्न करें: अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस की प्रति, अपॉइंटमेंट लेटर और जाति प्रमाण पत्र जैसे सभी आवश्यक दस्तावेजों को स्वयं-सत्यापित (Self-Attested) करके फॉर्म के साथ लगाएं।

ANNEXURE-II भरें: फॉर्म के साथ उपलब्ध 'ANNEXURE-II' सर्टिफिकेट को भरकर अटैच करें।

आवेदन भेजें: पूरी तरह से भरे हुए फॉर्म को लिफाफे में बंद करके "मैनेजर, मेल मोटर सर्विस, बेंगलुरु-560001" के पते पर अंतिम तिथि से पहले डाक द्वारा भेज दें।

भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी और एप्लीकेशन फॉर्म फॉर्मेट के लिए अभ्यर्थी भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। साथ ही उन्हें सलाह दी जाती है कि वह जारी नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और उसके आधार पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article