TIMES NOW नवभारत ने श्रद्धा मर्डर केस से जुड़े कई बड़े खुलासे हो रहे हैं। हमारी टीम श्रद्धा (Shraddha Murder case) के उन दोस्तों तक पहुंच चुकी है जिन्हें आफताब की काली करतूतों और अत्याचार के बारे में खुद श्रद्धा ने बताया था। जो खुद बता रहे हैं कि श्रद्धा पर आफताब (Aftab Amin Poonawalla) ने कैसे-कैसे सितम किए। हमारी इस खास पेशकश में आज आपको बताएंगे मुलाकात से मर्डर और मुंबई (Mumbai) से जंगल तक को लेकर हर वो बड़ा खुलासा जिनसे अब तक पर्दा नहीं उठा है।
व्हाट्सएप चैट में मारपीट का जिक्र
इन्वेस्टिगेशन ऑन है -दिल्ली से मुंबई तक और गुरुग्राम से हिमाचल तक । कहीं पुलिस की टीम श्रद्धा के सिर की तलाश कर रही है..तो कहीं वो हथियार जिससे आफताब ने श्रद्धा के 35 टुकड़े किए । इन्हीं सवालों को लेकर टाइम्स नाउ नवभारत की टीम लगातार सुरागों को क्रैक कर रही है । इस दौरान सबूत भी मिल रहे हैं । श्रद्धा और आफताब से जुड़े राज से पर्दा उठ रहे हैं । कई खुलासे हो रहे हैं। श्रद्धा हत्याकांड का सच जानने के दौरान टाइम्स नाउ नवभारत के पास श्रद्धा वाकर की वो व्हाट्सएप चैट हाथ लगी हैं जिसमें आफताब की क्रूरता का सच लिखा है। ये व्हाट्सएप चैट नवंबर 2020 की है। जिसमें श्रद्धा साफ तौर पर मारपीट की बात कह रही है। उसने इस चैट में लिखा है कि उसे इतना पीटा गया है कि वो उठ नहीं पा रही है ।

श्रद्धा की व्हाट्सऐप चैट
चैट आई सामने
इस चैट में श्रद्धा ने लिखा था कि आफताब जल्द ही उसके घर से चला जाएगा। श्रद्धा लिखती हैं- 'कल उसके माता-पिता के घर जाने के बाद सबकुछ ठीक हो गया था। वह आज जा रहा है। लेकिन मैं आज नहीं जा रही हूं। क्योंकि उसने मुझे कल बुरी तरह पीटा था.. मेरा बीपी लो है और मेरे शरीर पर चोट के निशान हैं। बिस्तर से उठने की ताकत तक नहीं बची है। मैंने अब मन बना लिया है कि वह मेरे घर से चला जाए।' अंत में वह अपने दोस्त से माफी भी मांगती है।
श्रद्धा के चेहरे पर चोट के निशान
आफताब किस कदर श्रद्धा पर अत्याचार करता था उसका एक और सबूत सामने आया है। 3 दिसंबर 2022 को भी श्रद्धा के साथ मारपीट हुई थी । इस दौरान श्रद्धा को इतनी गंभीर चोटें आई थी कि उसे वसई के एक अस्पताल में 3 दिन तक भर्ती रहना पड़ा था। श्रद्धा की एक्सरे रिपोर्ट और अस्पताल से डिस्चार्ज स्लिप इस बात के प्रमाण हैं कि उसके साथ हैवानों की तरह मारपीट की गई थी। दोनों के रिलेशन को लेकर श्रद्धा के बेस्ट फ्रेंड ग्लैडविन ने बताया कि आफताब का श्रद्धा पर पूरी तरह से कंट्रोल था। वो चाहता था कि उन दोनों के बीच की बात किसी और का ना पता चले।
श्रद्दा मर्डर केस में ये भी बड़ा खुलासा ये हुआ है कि वो श्रद्धा से मारपीट करता था बल्कि सिगरेट से उसे दागता भी था। जिसे लेकर श्रद्धा ने आपबीती दोस्तों को बताई थी। जिसके बाद दोस्तों ने मिलकर आफताब को वॉर्निंग भी दी। आफताब कितना शातिर था इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसने श्रद्धा के साथ फिर कभी मारपीट नहीं करने का वादा किया था। लेकिन अपने वादे उसने मारपीट करना जारी रखा।
