देश

MVA छोड़ने को तैयार है कई नेता, हो सकते है महायुति में शामिल; बावनकुले के दावे से मचा हड़कंप

Operation Lotus: भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और उनके सहयोगी प्रवीण दारेकर ने बुधवार को दावा किया कि महा विकास आघाड़ी के कई सांसदों और विधायकों ने उनसे संपर्क कर अपनी-अपनी पार्टियों से नाराजगी जताई है। बावनकुले ने कहा कि एमवीए नेताओं को पार्टी बदलने के लिए मनाने का कोई संगठित प्रयास नहीं किया गया है। भाजपा विकसित देश के लिए उनके विजन के साथ जुड़ने की इच्छा रखने वालों का स्वागत करने के लिए तैयार है।

Image

एमवीए नेता महायुति में हो सकते हैं शामिल

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Operation Lotus: महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और उनके सहयोगी प्रवीण दारेकर ने बुधवार को दावा किया कि महा विकास आघाड़ी (MVA) के कई सांसदों और विधायकों ने उनसे संपर्क कर अपनी-अपनी पार्टियों से नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने भाजपा नेताओ के इन दावों को खारिज कर दिया और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने इन्हें बेतुका करार दिया। बावनकुले ने कहा कि एमवीए के नेता खुद अपनी बेचैनी जाहिर कर रहे हैं और कई लोग (पाला बदलने के लिये) भाजपा के संपर्क में हैं। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और राकांपा (एसपी) की एमवीए ने बेहद खराब प्रदर्शन किया और 288 सीटों में से केवल 46 सीटें ही जीत पाई। इसके विपरीत, भाजपा, शिवसेना और राकांपा गठबंधन महायुति ने 230 सीटें जीतीं। चुनाव के नतीजों ने एमवीए विधायकों के सत्तारूढ़ गठबंधन में जाने की अटकलों को हवा दे दी है।

पटोले ने कहा कि बावनकुले का दावा जवाब देने लायक नहीं

बावनकुले ने कहा कि एमवीए नेताओं को पार्टी बदलने के लिए मनाने का कोई संगठित प्रयास नहीं किया गया है। भाजपा विकसित देश के लिए उनके विजन के साथ जुड़ने की इच्छा रखने वालों का स्वागत करने के लिए तैयार है। पटोले ने कहा कि बावनकुले का दावा जवाब देने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के सभी कांग्रेस सांसद पार्टी के साथ हैं। हम नागपुर में महाराष्ट्र विधानमंडल के आगामी शीतकालीन सत्र में महायुति की वास्तविक स्थिति दिखाएंगे।

इससे पहले, भाजपा नेता प्रवीण दारेकर ने बुधवार को संकेत दिया कि विकास अगर उनकी प्राथमिकता है तो शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के कुछ सांसद निष्ठा बदल कर उनकी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। दारेकर ने कहा कि महा विकास आघाडी के कई सांसद, खासकर राकांपा (सपा) के उन निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने विधानसभा चुनावों में सबसे अधिक सीटें जीती हैं।

विद्या चव्हाण ने दारेकर के दावों को किया खारिज

भाजपा नेता ने कहा कि अगर विकास उनकी प्राथमिकता है, तो वे अपने राजनीतिक भविष्य पर सावधानी से विचार कर सकते हैं, क्योंकि केंद्र में और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुये राकांपा (एसपी) नेता विद्या चव्हाण ने दारेकर के दावों को खारिज कर दिया। विद्या ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू जैसे नेताओं के साथ एक कमजोर गठबंधन है। सरकार को उनका समर्थन खोने का डर है, यही वजह है कि वे (विपक्षी दलों के सांसदों को लुभाने की) ऐसी रणनीति अपनाते हैं।

राकांपा (एसपी) नेता ने कहा कि हमारे सांसद दृढ़ हैं और गठबंधन को धोखा नहीं देंगे। भाजपा नेताओं की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि अगर भगवा पार्टी एमवीए विधायकों को लुभाने के लिए पैसे और राजनीतिक शक्ति का इस्तेमाल करके 'ऑपरेशन लोटस' शुरू करने की योजना बना रही है, तो लोग उन्हें उचित समय पर करारा जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि यह अब कोई रहस्य नहीं है कि देश में तानाशाही ने अपने पैर जमा लिए हैं।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article