Noida Traffic Police: नोएडा में पुराने निजी वाहनों से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। देश की राजधानी दिल्ली के बाद अब एनसीआर के नोएडा में भी नियमानुसार अपनी उम्र पूरी कर चुके पेट्रोल और डीजल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा रही है। बता दें कि, दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी 15 साल पुराने पेट्रोल और 10 साल पुराने डीजल वाहनों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर की ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है। इसको लेकर यातायात विभाग लोगों को जागरूक भी करेगा।
बता दें कि, गौतमबुद्धनगर पुलिस के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का तीसरा चरण शुरू कर दिया गया है। वायु प्रदूषण के कारकों में यातायात जाम व अपनी उम्र पूरी कर चुके वाहनों से निकलने वाला धुआं भी शामिल है। जिले में प्रदूषण स्तर कम करने को शासन स्तर से नोएडा ट्रैफिक पुलिस को अहम जिम्मेदारी मिली है।
