Faridabad: फरीदाबाद के जिला जेल नीमका में एक बंदी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बंदी ने जेल के स्नान घर की खिड़की में उस समय फंदा लगाया, जब सभी बंदी और कैदी अपने बैरक में मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही जेल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बंदी को उतारकर जेल के अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत्य घोषित कर दिया। इस मामले में मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पोस्टमार्टम बादशाह खान अस्पताल में करा दिया गया है।
बल्लभगढ़ थाना सदर पुलिस ने बताया कि, मृतक बंदी की पहचान पलवल जिले के मानपुर गांव निवासी 27 वर्षीय गुलशन के तौर पर की गई है। मृतक पर अपनी पत्नी की दहेज मांगने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप था। इस आरोप में वह आठ अक्टूबर से जिला जेल नीमका में बंद था। गुलशन के खिलाफ गांव अटाली निवासी सतीश की तरफ से थाना मुंडकटी में केस दर्ज कराया गया था। सतीश ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया था कि उसने अपनी पुत्री प्रीति की गुलशन के साथ 10 मई 2021 को शादी की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति गुलशन व उसके परिजन उसकी बेटी प्रीति को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
