चण्डीगढ़

वकील को आरोपी के साथ सेक्स करने पर किया मजबूर, पंजाब पुलिस का कारनामा, SP समेत तीन गिरफ्तार

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 28, 2023, 12:23 PM IST

मामला सामने आने के बाद पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने पीड़ित सहकर्मी के लिए न्याय की मांग करते हुए अदालत का बहिष्कार किया था।

Image

पंजाब पुलिस का कारनामा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : PTI

Punjab Police: पंजाब में एक वकील के उत्पीड़न का ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुन हर कोई हैरान है। पंजाब पुलिस के एक अधिकारी और दो पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लिए गए एक वकील को सह-अभियुक्त के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर कर दिया। वकीलों के हंगामे के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में एसपी रैंक के एक अधिकारी और दो अन्य पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हुई है। घटना की जांच के लिए लुधियाना के पुलिस आयुक्त मनदीप सिंह सिद्धू की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।

यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया

वकील के यौन उत्पीड़न की पंजाब बार एसोसिएशन ने शिकायत दर्ज कराई थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक के बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए। एसपी रैंक के एक अधिकारी सहित छह पुलिसकर्मियों ने वकील का उत्पीड़न किया। इन्होंने वकील को सह-अभियुक्तों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया और हिरासत में उसे प्रताड़ित भी किया।

तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार

मुक्तसर के एसपी रमनदीप सिंह भुल्लर, इंस्पेक्टर रमन कुमार कंबोज, कांस्टेबल हरबंस सिंह, भूपिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह और होम गार्ड दारा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसपी भुल्लर, इंस्पेक्टर रमन कुमार कंबोज और कांस्टेबल हरबंस सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक विशेष जांच टीम घटना की विस्तार से जांच करने के बाद एक रिपोर्ट सौंपेगी। मंगलवार को मामला सामने आने के बाद पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने पीड़ित सहकर्मी के लिए न्याय की मांग करते हुए अदालत का बहिष्कार किया था। इनकी मांग थी कि वकील का यौन उत्पीड़न करने वाले पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए।

क्या है मामला

अपराध जांच एजेंसी के प्रभारी रमन कुमार कंबोज की शिकायत के आधार पर वकील को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वकीलों के समूह ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और कुछ अधिकारियों की वर्दी फाड़ दी। वकील के साथ एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया था। हिरासत में वकील को उसके साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। वकील के बयान के आधार पर मुक्तसर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 22 सितंबर को पुलिस के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article