Mukesh Ambani Security: रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी की सुरक्षा व्यवस्था को सरकार ने बढ़ाने का फैसला किया है। सूत्रों की मानें तो मुकेश अंबानी को अब Z Plus श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी को पहले 'जेड श्रेणी' की सुरक्षा दी गई थी। अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर पिछले साल बम मिलने की घटना के बाद गृह मंत्रालय मुकेश अंबानी की सुरक्षा को बढ़ाने पर विचार कर रहा था।
सरकार ने यह फैसला आईबी की उस रिपोर्ट के बाद किया है जिसमें मुकेश अंबानी की जान को खतरा बताया गया है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी खतरे में हैं। इस सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खर्च मुकेश अंबानी को ही उठाना पड़ेगा। इससे पहले भी जेड श्रेणी की सुरक्षा का खर्च रिलायंस ही उठाता रहा था।
इससे पहले मुकेश अंबानी की जेड श्रेणी की सुरक्षा को लेकर भी विवाद हुआ था। तब मामला सुप्रीम कोर्ट तक चला गया था। जहां शीर्ष अदालत ने मुकेश अंबानी के हक में फैसला सुनाया था।
क्या है जेड प्लस सुरक्षा (what is z plus security)
येलो बुक ऑफ सिक्योरिटी के मुताबिक जिन वीवीआईपी को जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी जाती है, उनके चारों ओर सुरक्षा का जबरदस्त घेरा होता है। भारत में यह एसपीजी सुरक्षा के बाद सबसे बड़ी सुरक्षा व्यवस्था होती है। मिली जानकारी के अनुसार Z+ कैटेगरी की सुरक्षा में 58 कमांडो तैनात रहते हैं। जिसमें 10 एनएसजी जवान या उसी के लेवल के कमांडो होते हैं, जो 24×7 सुरक्षा करते हैं। यदि खुफिया सूचनाओं के आधार पर आवश्यकता महसूस की जाती है, तो अतिरिक्त सुरक्षा भी प्रदान की जाती है।
