दुनिया

अमेरिकी चुनाव: पहली बार भारतीय मूल के दो नेता आमने-सामने, मंच पर भिड़ गए निक्की हेली-विवेक रामास्वामी

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 25, 2023, 04:40 PM IST

अमेरिकी इतिहास में यह पहली बार है कि दो भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने राष्ट्रपति पद की प्राथमिक बहस के दौरान मंच साझा किया और आपस में बुरी तरह उलझ पड़े।

Image

विवेक रामास्वामी और निक्की हेली भिड़े

Photo : AP

US Presidential Debate: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के इतिहास में पहली बार भारतीय मूल के दो नेता आमने-सामने हैं। निक्की हेली और विवेक रामास्वामी रिपब्लिकन उम्मीदवार बनने की रेस में जुटे हैं। दोनों के बीच सार्वजनिक मंचों पर बहस का दौर चल रहा है। विदेश नीति के मुद्दों पर रिपब्लिकन पार्टी की पहली प्राथमिक बहस के दौरान दो भारतीय-अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार निक्की हेली और विवेक रामास्वामी के बीच तलवारें खिंच गईं। यह इतनी तीखी नोकझोंक थी कि ऐसा मौका भी आया जब दोनों 30 सेकंड तक एक-दूसरे पर चिल्लाते रहे और अपनी उंगलियां लहराते रहे। अमेरिकी इतिहास में यह पहली बार है कि दो भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने राष्ट्रपति पद की प्राथमिक बहस के दौरान मंच साझा किया और आपस में बुरी तरह उलझ पड़े।

निक्की हेली ने रामास्वामी पर लगाया रूस का पक्ष लेने का आरोप

दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली ने विदेशी मामलों में उनकी क्षमता की कमी और रूस के प्रति उनके रुख के लिए करोड़पति उद्यमी विवेक रामास्वामी की आलोचना की। बहस से पहले सोशल मीडिया पर उनकी बातचीत से विदेश नीति पर उनके मतभेद सामने आ गए। हेली ने मिल्वौकी, विस्कॉन्सिन में प्राथमिक बहस के दौरान रामास्वामी पर अमेरिका के दुश्मनों का पक्ष लेने और अपने सहयोगियों को छोड़ने का आरोप लगाया। यह आलोचना रामास्वामी के इस दावे के जवाब में थी कि रूस के साथ लड़ाई में यूक्रेन को बहुत कम समर्थन मिला था।

पुतिन का समर्थन के मुद्दे पर भड़कीं निक्की

संयुक्त राष्ट्र में पूर्व अमेरिकी राजदूत हेली ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का समर्थन करने के लिए दर्शकों के सामने रामास्वामी की तीखी आलोचना की, जिन्हें उन्होंने हत्यारा कहा। उन्होंने अमेरिका की सुरक्षा के लिए भी चिंता जताई। निक्की ने कहा, विवेक यूक्रेन को रूस को सौंपना चाहते हैं, चीन को ताइवान को हवाले करना चाहते हैं, वह इजराइल को फंड देना बंद करना चाहते हैं। आप दोस्तों के साथ ऐसा नहीं करते हैं।

निक्की को टोकते रहे विवेक रामास्वामी

जब निक्की हेली बोल रही थीं तो विवेक रामास्वामी अक्सर उन्हें टोकते रहे और बोलते रहे झूठ, झूठ। रामास्वामी ने कहा कि वह उनके खिलाफ झूठ फैला रही हैं। पिछले दो चुनावों में भारतीय-अमेरिकी विरासत वाले लोग राष्ट्रपति पद के लिए मैदान में उतरे हैं। 2016 में बॉबी जिंदल पहले स्थान पर आए थे और उनके बाद 2022 में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस आईं। लेकिन यह पहली बार है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के इतिहास में दो भारतीय-अमेरिकी एक ही प्राथमिक बहस मंच पर दिखाई दे रहे हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article