दुनिया

कछुओं को छिपाकर यात्रा कर रहा था भारतीय नागरिक, सिंगापुर में हुई 16 माह की कैद; जानें पूरा मामला

सिंगापुर में 58 इंडियन स्टार कछुओं को अवैध रूप से लाने के जुर्म में एक भारतीय नागरिक को 16 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। बता दें कि 40 वर्षीय अली ने सिंगापुर में अवैध रूप से इंडियन स्टार कछुओं को लाने का दोष सोमवार को स्वीकार कर लिया।

Image

कछुआ

Photo : iStock

सिंगापुर में 58 इंडियन स्टार कछुओं को अवैध रूप से लाने के जुर्म में एक भारतीय नागरिक को 16 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। 'द स्ट्रेट्स टाइम्स' की खबर के अनुसार, अब्दुल जाफर हाजी अली जब 29 अगस्त को जकार्ता के लिए दूसरी उड़ान में सवार होने के वास्ते भारत से चांगी हवाई अड्डे पहुंचे तो उनके निजी सामान में छिपाकर रखे गए ये कछुए मिले।

क्या है पूरा मामला?

40 वर्षीय अली ने सिंगापुर में अवैध रूप से इंडियन स्टार कछुओं को लाने का दोष सोमवार को स्वीकार कर लिया। इन कछुओं को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) द्वारा 'लुप्त होने के खतरे' वाली श्रेणी में रखा गया है।

अली को ये कछुए उसके दोस्त से मिले थे, जिसकी पहचान अदालती दस्तावेजों में 'भाई' के रूप में की गई है। इसी शख्स ने अली की यात्रा की व्यवस्था में मदद की थी, जिसमें उसकी उड़ान का भुगतान और उसके रहने की व्यवस्था करना भी शामिल था। बदले में 'भाई' ने अली से अपना सामान जकार्ता तक पहुंचाने में मदद मांगी थी।

सिंगापुर के राष्ट्रीय उद्यान बोर्ड के अभियोक्ता लिम चोंग हुई ने कहा कि अली ने सामान के बारे में नहीं पूछा और न ही 28 अगस्त को चेन्नई में भाई द्वारा पैकेट सौंपे जाने के बाद उसकी जांच की।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article