दुबई: भारत की मेजबानी में 5 अक्टूबर से आयोजित होने वाले आईसीसी विश्व कप 2023 के कार्यक्रम के 9 मैचों में बदलाव किया गया है। आईसीसी ने इस बदलाव पर मुहर लगाते हुए नए सिरे से कार्यक्रम जारी कर दिया है। भारत पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को खेले जाने वाले महामुकाबले अब 14 अक्टूबर को खेला खेला जाएगा। इसके अलावा इंग्लैंड का अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली में 14 अक्टूबर को खेला जाने वाले मुकाबला अब एक दिन बाद 15 अक्टूबर को खेला जाएगा।
इसके अलावा पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच हैदराबाद में 12 अक्टूबर को खेला जाने वाला मुकाबला अब 10 अक्टूबर को खेला जाएगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनई में खेला जाने वाला मैच अब 13 अक्टूबर के बजाए 12 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसी तरह न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच 14 अक्टूबर को चेन्नई में खेला जाने वाला मैच अब 13 अक्टूबर को होगा। अब यह मैच डे-नाइट होगा।

आईसीसी विश्व कप 2023 पूरा कार्यक्रम
डे-नाइट से डे हुआ इंग्लैंड-बांग्लादेश मुकाबला
इंग्लैंड का बांग्लादेश के खिलाफ धर्मशाला में खेले जाने वाले मैच के कार्यक्रम में भी थोड़ा सा रद्दो बदल किया गया है। अब ये मैच दिन का होगा। पहले यह डे-नाइट के रूप में खेला जाना था। लीग दौर के आखिर में खेले जाने वाले तीन डबल हेडर मुकाबलों की तारीख में भी बदलाव किया गया है। 11 नवंबर को अब ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश का मौच पुणे में सुबह साढ़े दस बजे से और इंग्लैंड-पाकिस्तान के बीच मैच कोलकाता में 2 बजे से खेला जाएगा।
भारत-नीदरलैंड मुकाबले की भी बदली तारीख
वहीं भारतीय टीम के नीदरलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले आखिरी लीग मुकाबले की तारीख को 11 नवंबर से 12 नवंबर कर दिया गया है। ये मुकाबला बेंगलुरू में डे-नाइट फॉर्मेट में खेला जाएगा। वर्ल्ड कप का आगाज 5 अक्टूबर को इंग्लैंड-न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत के साथ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इसी मैदान पर फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को खेला जाएगा।
