क्रिकेट

Mohammad Shami: ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले मोहम्मद शमी का बड़ा बयान, बोले- अभी समय है

IND vs AUS, Mohammad Shami statement: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज का आगाज नवंबर में होगा, जो अगले साल जनवरी तक चलेगा। इसके आगाज से पहले भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बड़ा बयान दिया।

Image

मोहम्मद शमी। (फोटो- ICC)

IND vs AUS, Mohammad Shami statement: भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं लेकिन उन्होंने सोमवार को कहा कि उन्हें अब जरा भी दर्द महसूस नहीं हो रहा है और वह अगले महीने शुरू होने वाले आस्ट्रेलिया के दौरे के लिए अब भी दौड़ से बाहर नहीं हुए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु में समाप्त हुए भारत के शुरूआती टेस्ट के बाद उन्होंने नेट पर गेंदबाजी की। हालांकि कुछ दिन पहले कप्तान रोहित शर्मा ने खुलासा किया था कि उनके घुटने में सूजन है जिससे पिछले साल लगी टखने की चोट से उबरने के लिए चल रहा उनका ‘रिहैबिलिटेशन’ प्रभावित हुआ।

‘यूजेनिक्स हेयर साइंसेस’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस 34 साल के गेंदबाज ने अपनी क्रिकेट यात्रा के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मैंने कल जिस तरह गेंदबाजी की, उससे मैं खुश हूं। मैं इससे पहले आधे ‘रन-अप’ से गेंदबाजी कर रहा था क्योंकि मैं ज्यादा दबाव नहीं लेना चाहता था। लेकिन कल मैंने पूरे ‘रन-अप’ से गेंदबाजी की। ’ पर्थ में 22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैच की टेस्ट श्रृंखला का जिक्र करते हुए शमी ने कहा, ‘‘मुझे अब कोई दर्द नहीं है। हर कोई लंबे समय से सोच रहा है कि मैं ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला के लिए जा पाऊंगा या नहीं लेकिन अभी इसमें थोड़ा समय है।’

रोहित ने कहा था कि वह फिटनेस के कारण शमी को महत्वपूर्ण श्रृंखला के लिए ले जाने के पक्ष में नहीं हैं। शमी ने यह भी कहा कि वह मौजूदा रणजी ट्रॉफी में अपने राज्य की टीम बंगाल के लिए कुछ मैच खेलना चाहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दिमाग में सिर्फ यही चीज सुनिश्चित करना है कि मैं फिट रहूं और ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला के लिए मैं कितना मजबूत रह सकता हूं। मुझे पता है कि ऑस्ट्रेलिया में किस तरह के आक्रमण की जरूरत होती है। मुझे मैदान पर ज्यादा समय बिताना होगा।’

शमी ने कहा, ‘मैं इससे पहले कुछ रणजी मैच खेलना चाहता हूं। ’ वह इस चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 नवंबर को 2023 वनडे विश्व कप फाइनल के बाद से भारत के लिए नहीं खेले हैं।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article