देश

मैंने आपको दशरथ माना, आपका वनवास कबूल..., विधानसभा में नीतीश पर तेजस्वी यादव का तंज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 12, 2024, 02:44 PM IST

Tejashwi Yadav: तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा में कहा, हम समाजवादी परिवार से हैं...जो आप (नीतीश कुमार) झंडा ले कर के चले थे कि मोदी को देश में रोकने का, अब आपका भतीजा झंडा उठाकर चलेगा। उन्होंने कहा,कोई आए न आए... जब समय आएगा, तब तेजस्‍वी आएगा।

Image

तेजस्वी यादव

Photo : ANI

Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा में आज वही हुआ जो पहले से तय था। विधानसभा अध्यक्ष और राजद नेता अवध बिहारी चौधरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। 125 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया और 112 सदस्यों ने इसके खिलाफ मतदान किया। हालांकि, अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले काफी सियासी ड्रामा देखा गया और दोनों खेमे आखिरी वक्त तक अपने-अपने विधायकों की खेमेबंदी करते नजर आए।

अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जोरदार भाषण दिया। वे अलग ही रंग में नजर आए। तेजस्वी यादव ने कहा, सबसे पहले हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहते हैं कि लगातार 9 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। 9 बार तो शपथ ली ही लेकिन एक ही टर्म में उन्होंने तीन-तीन बार शपथ ली है। हमने ऐसा अद्भुत नजारा पहले कभी नहीं देखा।

नीतीश कुमार मेरे लिए पिता तुल्य

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, मुख्यमंत्री हमारे लिए आदरणीय थे, हैं और हमेशा रहेंगे। कई बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमें बोलते रहे की तुम हमारे बेटे की तरह हो। हम भी नीतीश कुमार को राजा दशरथ की तरह ही पिता मानते हैं। इनकी मजबूरी रही होगी जैसे राजा दशरथ की रही थी कि भगवान राम को वनवास भेज दिया गया। हालांकि हम इसे वनवास नहीं मानते हैं। हमें तो इन्होंने (नीतीश कुमार) जनता के बीच भेजा है, उनके सुख और दुख का भागीदार बनने के लिए। तेजस्वी यादव ने कहा, नीतीश कुमार कहा था कि हम लोगों का एक ही लक्ष्य है कि ना प्रधानमंत्री बनना है, ना मुख्यमंत्री बनना है। देशभर के विपक्षों को गोलबंद करके जो तानाशाह है उसे दोबारा नहीं आने देना है। जब आप गवर्नर हाउस से बाहर आए, तो आपने(नीतीश कुमार) कहा 'मन नहीं लग रहा था। मन नहीं लग रहा था तो हम लोग नाचने गाने के लिए थोड़ी हैं, जो काम आप बोलते थे असंभव है उसे हम लोगों ने मुमकिन करके दिखाने का काम किया।

जनसंघ ने ही कर्पूरी ठाकुर को मुख्यमंत्री पद से हटाया

राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस दौरान कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने पर भी विचार रखे। उन्होंने कहा, कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिला, बहुत खुशी की बात है। कर्पूरी ठाकुर और मेरे पिता (लालू यादव) के साथ आप(नीतीश कुमार) काम कर चुके हैं। आपको तो ये पता था कि जब कर्पूरी ठाकुर ने आरक्षण बढ़ा दिया तो जनसंघ वालों ने ही कर्पूरी ठाकुर को मुख्यमंत्री पद से हटाया। आप कर्पूरी ठाकुर का नाम लेते हैं, फिर भी आप कहां बैठ गए। वही भाजपा और जनसंघ वाले कहते थे कि आरक्षण कहां से आएगा?

जब समय आएगा, तब तेजस्वी आएगा

तेजस्वी यादव ने इस दौरान कहा, हम नीतीश कुमार अपने परिवार के सदस्य के रूप में सोचते हैं। हम समाजवादी परिवार से हैं...जो आप झंडा ले कर के चले थे कि मोदी को देश में रोकने का, अब आपका भतीजा झंडा उठा कर के मोदी को बिहार में रोकने का काम करेगा। उन्होंने कहा,कोई आए न आए... जब समय आएगा, तब तेजस्‍वी आएगा। हम लोग बिहार के हित और तरक्की के लिए, स्थिरता जब तक नहीं रहेगी सरकार में तब तक विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा, जब वहां कोई पीड़ा होगी तो तेजस्वी ही साथ खड़ा होगा

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article