देश

रांची से जमशेदपुर अब सिर्फ 2 घंटे का रास्ता, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का नमूना, गडकरी ने दिखाईं तस्वीरें

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 29, 2023, 02:30 PM IST

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से इसके ड्रोन शॉट्स साझा किए हैं।

Image

रांची-जमशेदपुर हाईवे

Ranchi to Jamshedpur- देश में लगातार बन रहे हाईवे की बदौलत एक जगह से दूसरी जगह जाने का समय बेहद कम हो गया है। नए-नए एक्सप्रेस वे ने देश की सूरत ही बदल दी है और कई घंटों का सफर महज कुछ ही घंटे का रह गया है। ऐसे ही एक हाईवे निर्माण से रांची और जमशेदपुर के बीच सफर का समय 2 घंटे तक कम हो गया है। इस हाईवे के आसपास की खूबसूरती देखते ही बनती है।

गडकरी ने दिखाईं तस्वीरें

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से इसके ड्रोन शॉट्स साझा किए हैं। हालांकि, तस्वीरें एक व्लॉगर @rsliveIndia द्वारा खींची गई हैं। यात्रा प्रेमी इसे देख बेहद उत्साहित हैं और इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। इस खास परियोजना से न सिर्फ रांची-जमशेदपुर के बीच की दूरी 2 घंटे रह जाएगी बल्कि झारखंड के कुछ सबसे मनोरम नजारों का भी दीदार हो सकेगा।

इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का नमूना

इसके अलावा, इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को सावधानीपूर्वक योजना और इंजीनियरिंग उत्कृष्टता से साकार किया गया है। इसके चलते यह दो प्रमुख शहरों के बीच सीधा और समय बचाने वाला हाईवे बन गया है। नया मार्ग राज्य की प्राकृतिक सुंदरता का नजारा दिखाता है, जिससे यात्रियों का सफर बेहद सुहाना हो जाता है। हाईवे के किनारे हरी-भरी हरियाली, शानदार पहाड़िया और सुंदर नजारे यात्रा को एक यादगार अनुभव बनाते हैं।

बदल जाएगा सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य

इस प्रोजेक्ट से इस क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में अहम बदलाव आने की उम्मीद है। यात्रा का समय कम होने से माल की आवाजाही आसान हो जाएगी और यात्री कीमती समय बचा सकेंगे। इसके अलावा रांची और जमशेदपुर दोनों जगह पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि देश भर से यात्री इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाना चाहेंगे। जैसे ही यह हाईवे पूरी तरह से चालू होगा, स्थानीय लोग और पर्यटक इसका भरपूर फायदा उठा सकेंगे। रांची-जमशेदपुर शॉर्टकट प्रगति, स्थिरता और कुशल बुनियादी ढांचे के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का एक चमकदार उदाहरण है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article