देश

Watch : वंदे भारत ट्रेन में सुलगाई बीड़ी तो कैसे मचा कोहराम, देखें Video

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 10, 2023, 10:58 AM IST

अलार्म बजने के बाद ‘एयरोसोल’ अग्निशामक ने आग बुझाने के लिए पाउडर जैसा धुआं छोड़ना शुरू कर दिया, जिसके चलते उस डिब्बे के यात्री घबरा गए।

Image

vande bharat fire

Vande Bharat Express: तिरुपति-सिकंदराबाद वंदे भारत एक्सप्रेस के एक शौचालय में एक यात्री ने बीड़ी जलाकर यात्रियों के बीच घबराहट पैदा कर दी। यात्री के धूम्रपान करने के कारण आग लगने की सूचना देने वाला अलार्म बज गया, जिसके चलते कुछ समय के लिए ट्रेन रोक दी गई। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना ट्रेन संख्या 20702 के गुडूर से गुजरने के बाद सी-13 डिब्बे में हुई। बाद में इस यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

शौचालय में घुसकर बीड़ी जलाई

दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) जोन के विजयवाड़ा मंडल के एक अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एक अनधिकृत यात्री तिरूपति से ट्रेन पर सवार हुआ और सी-13 कोच के शौचालय में घुस कर उसका दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। यात्री ने शौचालय के अंदर धूम्रपान किया, जिसके परिणामस्वरूप शौचालय में मौजूद एयरोसोल अग्निशामक यंत्र स्वचालित रूप से सक्रिय हो गया।

अलार्म बजने के बाद ‘एयरोसोल’ अग्निशामक ने आग बुझाने के लिए पाउडर जैसा धुआं छोड़ना शुरू कर दिया, जिसके चलते उस डिब्बे के यात्री घबरा गए। बाद में उन्होंने डिब्बे के अंदर एक आपातकालीन फोन कनेक्शन के माध्यम से ट्रेन के गार्ड को इसकी सूचना दी, जिसके कारण ट्रेन शाम पांच बजे के आसपास मनुबोलू में रुक गई।

अलार्म बजने को दुर्घटना समझकर रेलवे पुलिस आग बुझाने वाले यंत्र के साथ डिब्बे में पहुंची और शौचालय के अंदर धूम्रपान कर रहे यात्री को निकालने के लिए उसकी खिड़की तोड़ दी। अधिकारी ने बताया कि रेलवे पुलिस ने रेलवे अधिनियम के अनुसार उपयुक्त कार्रवाई के लिए नेल्लोर में उसे हिरासत में ले लिया, जबकि ट्रेन आगे की अपनी यात्रा पर रवाना हो गई। (भाषा इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article