देश

Maharashtra : MLC चुनाव में BJP को झटका, गडकरी-फड़णवीस के गढ़ नागपुर में हार गई पार्टी

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Feb 3, 2023, 06:53 AM IST

Maharashtra MLC election result 2023: भाजपा के ज्ञानेश्वर म्हात्रे को कोंकण मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी घोषित किया गया। नासिक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी सत्यजीत तांबे विजयी रहे। उन्होंने एमवीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार शुभांगी पाटिल को हराया गया।

Image

एमएलसी चुनाव में भाजपा को झटका।

Photo : PTI

Maharashtra MLC election result 2023: महाराष्ट्र के विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपने मजबूत गढ़ों में से एक नागपुर में झटका लगा है। यहां महाविकास अघाड़ी (एमवीए) समर्थित उम्मीदवारों ने भाजपा प्रत्याशियों को हरा दिया। नागपुर भाजपा के दिग्गज नेताओं नितिन गडकरी और देवेंद्र फड़णवीस का होम ग्राउंड है। गडकरी केंद्र सरकार में मंत्री हैं जबकि फड़णवीस राज्य के डिप्टी सीएम हैं। नागपुर में भाजपा की हार उसे एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। एमवीए समर्थित उम्मीदवारों ने दो सीट जीत ली और एक तीसरी सीट पर जीतती नजर आ रही है।

कोंकण मंडल भाजपा के ज्ञानेश्वर म्हात्रे जीते

भाजपा के ज्ञानेश्वर म्हात्रे को कोंकण मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी घोषित किया गया। नासिक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी सत्यजीत तांबे विजयी रहे। उन्होंने एमवीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार शुभांगी पाटिल को हराया गया। नागपुर मंडल शिक्षक सीट पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार को विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

नागपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीते अडबले

उन्होंने कहा कि एमवीए समर्थित उम्मीदवार सुधाकर अडबले ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नागोराव गनार को हराकर नागपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की। भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी गनार इस सीट से मौजूदा एमएलसी हैं। नागपुर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह जिला है। विधानमंडल के उच्च सदन की सभी पांच सीट के लिए मतदान 30 जनवरी को हुआ और मतगणना बृहस्पतिवार सुबह शुरू हुई। भाजपा उम्मीदवार म्हात्रे को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली पार्टी बालासाहेबांची शिवसेना का समर्थन प्राप्त था, जिन्होंने कोंकण सीट पर एमवीए समर्थित उम्मीदवार बलराम पाटिल को हरा दिया।

पांच परिषद सदस्यों का कार्यकाल छह साल

कोंकण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के परिणामों की घोषणा करने वाले रिटर्निंग ऑफिसर और डिवीजनल कमिश्नर महेंद्र कल्याणकर ने कहा कि म्हात्रे को 20,683 वोट मिले, जबकि पाटिल को 10,997 वोट मिले। औरंगाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार विक्रम काले ने जीत दर्ज की। अमरावती स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी लिंगाडे भाजपा प्रत्याशी रंजीत पाटिल से आगे चल रहे हैं। पांच परिषद सदस्यों का छह साल का कार्यकाल (शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से तीन और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से दो) सात फरवरी को समाप्त हो रहा है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article