देश

'वे सीमाओं को कैसे सुरक्षित रखेंगे?' : दिल्ली की कानून व्यवस्था पर AAP का केंद्र से तीखा सवाल

Delhi law and order:आप के सौरभ भारद्वाज ने मांग की कि भाजपा दिल्ली में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए पिछले 10 वर्षों में केंद्र द्वारा उठाए गए कदमों का रिपोर्ट कार्ड पेश करे।

Image

आप नेता सौरभ भारद्वाज

Delhi law and order: आम आदमी पार्टी (AAP) ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में आपराधिक गिरोह संबंधी हालिया गतिविधियों और गोलीबारी की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा-नीत केंद्र सरकार दिल्ली में कानून-व्यवस्था को संभालने में असमर्थ रही है।उन्होंने दावा किया कि शहर में कई गिरोह सक्रिय हैं, जो शहर के लोगों को निशाना बना रहे हैं।भारद्वाज ने पिछले 10 वर्षों में दिल्ली में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का रिपोर्ट कार्ड पेश करने की भाजपा से मांग की।

उन्होंने सवाल किया, 'अगर भाजपा की केंद्र सरकार दिल्ली की कानून-व्यवस्था को संभालने में सक्षम नहीं है तो वह देश की सीमाओं की सुरक्षा कैसे करेगी?' 'आप' नेता ने रविवार को कश्मीर में प्रवासी मजदूरों समेत सात लोगों की हत्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में स्थिति को संभालने में भी असमर्थ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, 'भाजपा-नीत केंद्र सरकार पूरी तरह विफल और बेनकाब हो गई है। कश्मीर तो छोड़िए, वे दिल्ली में भी कानून-व्यवस्था को संभालने में सक्षम नहीं हैं।' उन्होंने दिल्ली में यातायात जाम का मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि केंद्र ने शहर में वाहन चालकों और यात्रियों को राहत देने के लिए कुछ भी नहीं किया।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article