Satyendar Jain Video: तिहाड़ जेल (Tihar Jail) में सत्येंद्र जैन के एक के बाद एक कई नए वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। आज जो ताजा वीडियो (Viral Video) सामने आया है उसमें दिख रहा है कि जेल में बंद सत्येंद्र जैन कई लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके अलावा वीडियो में निलंबित जेल सुपरिटेंडेंट भी दिख रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद BJP एक बार फिर केजरीवाल सरकार पर हमलावर हो गई है।
बीजेपी का हमला
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे लेकर केजरीवाल पर सीधे हमला किया है और कहा, 'मीडिया ने जारी किया तिहाड़ का एक और वीडियो! इस बार सत्येन्द्र के दरबार में जेल अधीक्षक हैं, जिन्हें अब निलम्बित कर दिया गया है ! बच्ची से रेपिस्ट की मालिश और नवाबी खाने के बाद अब ये! यह आप की भ्रष्टाचार चिकित्सा है लेकिन केजरीवाल जी इसका बचाव करते हैं! क्या वह अब सत्येंद्र जैन को बर्खास्त करेंगे?'
सत्येंद्र जैन का अदालत से अनुरोध
जेल के अंदर विशेष सुविधाएं पाने से संबंधित लीक वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद विवादों में घिरे दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन ने बुधवार को यहां की एक अदालत से अनुरोध किया कि मीडिया को उनकी जेल की कोठरी के अंदर के फुटेज प्रसारित करने से रोका जाए। जैन ने अदालत को बताया कि जेल से उनके वीडियो लीक होने पर मंगलवार को सुनवाई के बावजूद आज सुबह एक और वीडियो क्लिपिंग लीक हो गई।
लगातार आ रहे हैं वीडियो
प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को अदालत के समक्ष पुष्टि की थी कि जैन के वीडियो को लीक करने में उसकी कोई भूमिका नहीं है, जिसमें वह वीडियो भी शामिल है जिसमें आप नेता दुष्कर्म के आरोपी एक कैदी द्वारा जेल की कोठरी के अंदर मालिश कराते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद उनका नया वीडियो बुधवार को फिर सामने आया जिसमें वह तिहाड़ जेल की कोठरी में सलाद और फल खाते नजर आ रहे हैं।
