देश

मंत्री, मसाज और महाभारत! जैन का VIDEO कैसे हो गया लीक? कोर्ट ने ED को थमाया नोटिस

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 20, 2022, 12:46 AM IST

सत्येंद्र जैन का मसाज वाला वीडियो सामने आने पर आप ने उनका बचाव किया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सत्येंद्र जैन बीमार हैं और डॉक्टर के कहने पर ही उन्हें थेरेपी दी जा रही है। सत्येंद्र जैन मसाज नहीं करा रहे हैं बल्कि उनका इलाज हो रहा है।

Image

जेल में मसाज कराते हुए आप नेता सत्येंद्र जैन

Photo : Twitter

सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल से मसाज वाला वीडियो सामने आने पर ईडी अब मुश्किल में घिरती दिख रही है। कोर्ट ने वीडियो लीक होने पर ईडी को अवमानना का नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस मामले पर 21 नवंबर को सुनवाई होगी।

दरअसल वीडियो लीक होने के बाद सत्येंद्र जैन की कानूनी टीम, अवमानना की कार्रवाई की मांग को लेकर कोर्ट पहुंची थी, जिसके बाद कोर्ट ने ईडी से जवाब मांगा है। कहा जा रहा है कि यह वीडियो ईडी के पास ही था और कोर्ट ने इसे जारी करने से मना किया था। इसके बाद भी ये वीडियो शनिवार को लीक हो गया। इस मामले पर अभी तक ईडी की ओर से कोई सफाई नहीं दी गई है। अब सवाल यह है कि वीडियो लीक ईडी की तरफ से हुआ है या फिर तिहाड़ जेल से ही किसी ने यह वीडिया लीक किया है?

वहीं इस मामले पर आप और बीजेपी के बीच जंग जारी है। आप जहां इसका बचाव कर रही है। आप की ओर से जवाब देते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा- "सत्येंद्र जैन के स्पाइन-इंजरी के दो ऑपरेशन हुए हैं। उनको डॉक्टर ने रेगुलर फिजियोथेरेपी बताई है। कोविड के बाद से उनके लंग्स में पैच है जो अभी ठीक नहीं हुआ है। किसी आदमी की बीमारी और उसको दिए जा रहे इलाज का मजाक बनाने की सोच ही बहुत घटिया है।" वहीं बीजेपी का कहना कि सत्येंद्र जैन जेल में मजे कर रहे हैं। उन्हें जेल में वीवीआई ट्रीटमेंट दिया जा रहा है।

इस मामले को लेकर तिहाड़ जेल के पूर्व पीआरओ सुनील गुप्ता ने एएनआई से कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि जेल में सत्येंद्र जैन को मसाज दिया जा रहा है, थेरेपी नहीं, दोनों अलग-अलग चीज है। उन्होंने कहा- "वीडियो में साफ दिख रहा है कि साथी कैदी मसाज कर रहे थे। मसाज फिजियोथेरेपी से अलग है। अस्पताल के फिजियोथेरेपी वार्ड में फिजियोथेरेपी दी जाती है। जेल के नियमों के तहत सेल के अंदर मालिश की अनुमति नहीं है। जहां तक फिजियोथेरेपी का सवाल है, हर जेल में एक फिजियोथेरेपी केंद्र होता है, जहां फिजियोथेरेपिस्ट या प्रशिक्षित विशेषज्ञ द्वारा मालिश की जा सकती है।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article