Shah Rukh Khan Jawan Advance Booking Starts: बॉलीवुड के किंग यानी शाहरुख खान अपनी धमाकेदार मूवी 'जवान' (Jawan) के जरिए बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार हैं। उनकी मूवी के रिलीज होने में बस 21 दिन ही बाकी रह गए हैं। 'जवान' को लेकर लोगों में इस कदर क्रेज बना हुआ है कि कई जगहों पर शाहरुख खान की मूवी की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है। फिल्म की टिकट इस रफ्तार में बिक रही है, जिसे देखकर कहा जा सकता है कि 'जवान', 'पठान' के साथ-साथ 'गदर 2' (Gadar 2) का रिकॉर्ड भी तोड़ देगी।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की 'जवान' (Jawan) की एडवांस बुकिंग विदेशों में जोरों-शोरों पर हो रही है। खासकर यूएई, अमेरिका, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में 'जवान' की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। शाहरुख खान के फैनपेज के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर 'जवान' की 50 प्रतिशत टिकट बिक चुकी हैं। वहीं यूएई में भी बड़े मल्टिप्लेक्स में 'जवान' की बुकिंग शुरू हो गई है। इससे इतर अमेरिका में रिलीज से करीब 23 दिन पहले ही 'जवान' की 47.3 हजार डॉलर की टिकट बिक चुकी हैं।
'गदर 2' को पीछे छोड़ेगी 'जवान'
बताया जा रहा है कि जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भी 'जवान' की एडवांस बुकिंग तेज रफ्तार से हो रही है। शाहरुख खान की मूवी को लेकर दिख रहे क्रेज से कहा जा सकता है कि 'जवान' सनी देओल की 'गदर 2' के रिकॉर्ड को धराशायी करने की तैयारी में है। बता दें कि 'गदर 2' ने भी एडवांस बुकिंग में करोड़ों रुपये कमाए थे। यहां तक कि सनी देओल की मूवी ने 40 करोड़ रुपये के साथ बंपर ओपनिंग भी की थी। लेकिन 'जवान' की एडवांस बुकिंग देखकर कह सकते हैं कि ओपनिंग के मामले में अब नया रिकॉर्ड बनने वाला है।
