देश

महाराष्ट्र में 1-2 दिन में हो जाएगा मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा- बोले सीएम फडणवीस

फडणवीस ने कहा कि उन्होंने और उनके सहयोगियों- एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने नये मंत्रियों से कहा है कि उनके प्रदर्शन का ऑडिट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम तीनों इस पर सहमत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई, उन्हें संगठनात्मक भूमिका दी जा सकती है।

Image

महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे

Photo : Twitter

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि नये मंत्रियों को अगले दो-तीन दिनों में विभागों का आवंटन कर दिया जाएगा। राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र की पूर्व संध्या पर, मंत्रिमंडल विस्तार के तहत सत्तारूढ़ गठबंधन के 39 विधायकों के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि महायुति के सहयोगी दलों ने मंत्रियों के कार्यकाल के दौरान उनके प्रदर्शन की ‘ऑडिट’ कराने पर सहमति जताई है।

शिवसेना में ढाई साल तक मंत्री

हालांकि, फडणवीस ने इसकी कोई समय सीमा नहीं बताई, लेकिन उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी से बनाये गए मंत्रियों को ढाई साल का कार्यकाल मिलेगा। उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार ने कहा कि अच्छा प्रदर्शन नहीं करने वालों को ढाई महीने में भी बदला जा सकता है। फडणवीस ने कहा कि महायुति सरकार महाराष्ट्र के विकास के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हमने विभागों के आवंटन पर फैसला कर लिया है और दो से तीन दिनों में इसकी घोषणा कर दी जाएगी। हमारा प्रशासन तेजी से विकास करने पर ध्यान केंद्रित करेगा।’’

ईवीएम पर विपक्ष को घेरा

उन्होंने महायुति सरकार को ‘‘ईवीएम की सरकार’’ कहने के लिए विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) की आलोचना की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार इसलिए सत्ता में आई कि हर वोट महाराष्ट्र के लिए गया। मेरी सरकार संविधान के अनुसार काम कर रही है और संविधान का सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!