Gujarat Chunav: गुजरात में पहले चरण के मतदान (Gujarat Assembly Elections 2022) से पहले प्रचार अभियान जोरों पर है और सतापक्ष और विपक्ष लगातार एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं। इस बीच भाजपा (BJP) के स्टार प्रचारक और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने शनिवार को गुजरात के गिर सोमनाथ (Somnath) में एक जनसभा को संबोधित किया और इस दौरान उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर जमकर हमला बोला। योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का नमूना और आतंकवाद का हितैषी बताया है।
क्या कहा योगी ने
जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, 'यह जो आम आदमी पार्टी का नमूना आया है न दिल्ली से, यह तो आतंकवाद का सच्चा हितैषी है। अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करता है और जब भारत की सेना पाकिस्तान में जाकर के सर्जिकल स्ट्राइक करती है तो तब ये भारत के बहादुर जवानों से कहता है कि इसका प्रमाण क्या है। बहादुर जवानों से प्रमाण मांगा जाता है? पाकिस्तान चिल्ला रहा है कि हमारी कमर तोड़ दी है भारत के जवानों ने लेकिन आम आदमी पार्टी को इसका भी प्रमाण चाहिए। आतंकवाद और भ्रष्टाचार इनके जीन का हिस्सा है। इसलिए जो भ्रष्टाचारी और आतंकवाद हितैषी हो उसे वोट देकर अपन वोट को कलंकित कतई ना करें।'
केजरीवाल का पलटवार
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी योगी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, 'अगर गंदी गाली गलौज चाहिए, गुंडागर्दी चाहिए, भ्रष्टाचार चाहिए, गंदी राजनीति चाहिए तो इनको वोट दे देना। अगर स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, सड़कें चाहिए तो मुझे वोट दे देना।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल रविवार को गुजरात के सूरत में प्रचार रैलियों को संबोधित करेंगे। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण में एक दिसंबर को सूरत में मतदान होगा।
