इलेक्शन

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल का बड़ा एलान, महिलाओं को देंगे 2100 रुपये; जान लीजिए क्या होगी शर्तें

Delhi Assembly Election: AAP के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने कहा कि योजना के लिए पंजीकरण कल से शुरू होगा। इसके तहत 2100 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए है।

Image

केजरीवाल महिलाओं को देंगे 2100 रुपये

Photo : Twitter

Delhi Assembly Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की ओर से मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना शुरू करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की और चुनाव के बाद मासिक सहायता राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 2100 रुपये करने का वादा किया। केजरीवाल ने साथ ही यह स्पष्ट किया कि चुनावों की घोषणा जल्द ही होने की संभावना है, जिसके कारण मतदान के बाद ही लाभार्थियों के खातों में धनराशि जमा की जा सकेगी।

18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को मिलेगा फायदा

इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि यदि आदर्श आचार संहिता 13 जनवरी के बाद लागू होती है, तो पात्र महिलाओं के बैंक खातों में चुनाव से पहले पहली किस्त हस्तांतरित कर दी जाएगी। केजरीवाल ने आप मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इस योजना की घोषणा की। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी की महिला कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के लिए पंजीकरण शुक्रवार से शुरू होगा। इस योजना की घोषणा तत्कालीन वित्त मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने 2024-25 के बजट में की थी।

इस योजना के तहत दिल्ली में 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को मूल रूप से 1000 रुपये प्रति माह देने का प्रस्ताव था। केजरीवाल ने कहा कि योजना के लिए पंजीकरण कल से शुरू होगा। इसके तहत 2100 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए है। भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) इसे मुफ्त रेवड़ी कहती है, लेकिन मैं इसे हमारे समाज को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम मानता हूं। भाजपा पूछती है कि धन कहां से आएगा, लेकिन मैंने कहा था कि हम मुफ्त बिजली देंगे और हमने यह किया भी।

सभी महिलाएं मिलकर आगे आएं तो हम 60 से ज्यादा सीट जीतेंगे- केजरीवाल

केजरीवाल ने चुनाव में अपनी पार्टी के बेहतरीन प्रदर्शन का भरोसा जताया और महिलाओं से सक्रिय रूप से उनका समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अगर सभी महिलाएं मिलकर आगे आएं तो हम 60 से ज्यादा सीट जीतेंगे। अगले साल फरवरी से पहले होने वाले चुनाव में आप लगातार तीसरी बार जीतने की उम्मीद कर रही है लेकिन उसके सामने भाजपा की कड़ी चुनौती है। आप का मानना है कि इस घोषणा से चुनाव में उसकी संभावनाएं बढ़ेंगी। केजरीवाल ने कहा कि मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि मैं जादूगर हूं, मैं हिसाब-किताब का जादूगर हूं। उन्होंने कहा कि इस योजना पर सवाल उठाने वाले और संदेह पैदा करने वाले भाजपा नेताओं को अब चिंता नहीं करनी चाहिए। आप सरकार ने बजट के तहत इस योजना के लिए 2000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। संभावित लाभार्थियों की पात्रता के लिए मानदंड यह है कि महिला सरकारी नौकरी न करती हो या उसे पेंशन नहीं मिलती हो और वह जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) या आयकर का भुगतान नहीं करती हो। इस योजना से लगभग 45 लाख पात्र महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है।

भाजपा ने अभी तक अपना घोषणापत्र जारी नहीं किया है। उसने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब में महिलाओं के लिए ऐसी योजना क्यों नहीं लागू की, जबकि 2022 में राज्य में चुनाव से पहले उसने इसी तरह की घोषणा की थी। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल केवल अपना झूठा वादा दोहरा रहे हैं। दिल्ली में लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने महिलाओं से प्रपत्र भरवाए लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि चुनाव के बाद मानदेय राशि बढ़ाकर 2100 रुपये कर दी जाएगी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article