हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में हुआ इजाफा
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, वेस्टर्न डिस्टरबेंस और हिमालयी क्षेत्रों से आने वाले गलन भरी हवाओं के कारण दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बनी हुई थी। लेकिन शुक्रवार को हवा की दिशा में आए बदलाव के कारण न्यूनतम तापमान में साढ़े चार डिग्री की बढ़त हुई। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं बुधवार और गुरुवार की बात करें तो 11 दिसंबर को 4.9 डिग्री सेल्सियस के बाद 12 दिसंबर को तापमान 4.5 डिग्री पहुंच गया था।
शनिवार को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार यानी 14 दिसंबर को दिल्ली का मौसम साफ बना रहेगा। सुबह और शाम के दौरान धुंध और कोहरा दिखाई दे सकता है। लेकिन अगर तापमान की बात करें तो आज शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री रह सकता है। दोपहर के समय धूप खिली रहने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।
वीकेंड पर कैसा रहेगा मौसम का हाल
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में वीकेंड पर मौसम साफ बना रहेगा। सुबह के समय कहीं-कहीं धुंध की हल्की परत देखने को मिल सकती है। वीकेंड के दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रह सकता है। धूप खिली रहने के दौरान तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है, लेकिन शाम होते ही तापमान में एक बार फिर गिरावट देखी जाएगी। जहां दिल्ली का औसतन तापमान 7 डिग्री रहेगा, वहीं दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर तापमान 5 या 6 डिग्री तक रह सकता है।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। वीकेंड के दौरान लोगों को शीतलहर से राहत मिलने की संभावना कम है। इस दौरान गाजियाबाद और नोएडा का न्यूनतम तापमान क्रमशः 8 और 9 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री रह सकता है। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद की बात करें तो शहर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री रह सकता है। यहां सर्द हवाओं के साथ सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
