एजुकेशन

NEET PG 2026: परीक्षा पैटर्न से लेकर सेंटर आवंटन तक नीट पीजी परीक्षा में हुए बड़े बदलाव, 30 अगस्त को एक ही शिफ्ट में होगा एग्जाम

NEET PG 2026: 30 अगस्त को आयोजित होने वाली नीट पीजी परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा परीक्षा के पैटर्न से लेकर शिफ्ट, केंद्र और टाइमिंग आदि में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। आइए जानते हैं नीट पीजी के नए नियम और गाइडलाइंस।

Image

परीक्षा पैटर्न से लेकर सेंटर आवंटन तक नीट पीजी परीक्षा में हुए बड़े बदलाव (Photo - AI)

NEET PG 2026: देश की सबसे प्रमुख मेडिकल पोस्टग्रेजुएट प्रवेश परीक्षा NEET PG 2026 की तैयारी कर रहे लाखों डॉक्टरों और अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से 30 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा छात्र-अनुकूल, पारदर्शी और पूरी तरह सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कई बड़े बदलाव किए गए हैं। परीक्षा प्रक्रिया और नियम-कायदों में हुए चेंज को छात्रों के लिए एक ऐतिहासिक बदलाव बताया जा रहा है।

इन बदलावों के अनुसार, इस साल NEET PG परीक्षा के लिए 2.73 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जो बीते वर्ष के मुकाबले लगभग 12.5 प्रतिशत अधिक है। अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने परीक्षा केंद्रों के चयन, शहर की अग्रिम जानकारी, प्रश्नों की संख्या और शिफ्ट टाइमिंग से जुड़े नियमों को पूरी तरह री-डिजाइन किया है, ताकि छात्रों को दूर-दराज की अनचाही यात्राओं और मानसिक तनाव से बचाया जा सके। आइए जानते हैं उन महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में -

घर के पास मिलेगा परीक्षा केंद्र

पुराने नियमों के तहत नीट-पीजी में 'पहले आओ-पहले पाओ' के आधार पर परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाते थे, जिससे देरी से फॉर्म भरने वाले छात्रों को दूसरे दूर-दराज के राज्यों में जाना पड़ता था। अब नए नियम में बड़ा बदलाव करते हुए अभ्यर्थियों को फॉर्म भरते समय 3 राज्यों की प्राथमिकता चुननी होगी। इसमें छात्र का पत्राचार पता यानी Correspondence Address, जिस राज्य का है, उसे पहली प्राथमिकता के रूप में चुनना अनिवार्य होगा। इससे छात्रों को उनके घर के सबसे नजदीक वाले सेंटर पर ही परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

3 हफ्ते पहले मिलेगी एग्जाम सिटी स्लिप

जहां पहले एग्जाम सिटी स्लिप छात्रों को परीक्षा के दिन से 10 दिन पहले दी जाती थी, अब वह 3 सप्ताह पहले जारी की जाएगी। यात्रा और ठहरने के इंतजाम को लेकर होने वाली हड़बड़ी को खत्म करने के लिए सरकार अब परीक्षा की तारीख (30 अगस्त) से लगभग तीन सप्ताह यानी 20 से 21 दिन पहले ही 'एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप' जारी कर देगी।

प्रश्नों की संख्या घटी और अटेम्प्ट करने का समय घटा

परीक्षा को लेकर हुए महत्वपूर्ण बदलाव केवल सिटी इंटीमेशन स्लिप और परीक्षा केंद्र के नियमों में तक सीमित नहीं है, परीक्षा पैटर्न में भी बड़ा बदलाव किया गया है। जो इस प्रकार है -

प्रश्नों की संख्यापहले प्रश्न पत्र में 200 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाते थे, जिन्हें अब घटाकर 180 प्रश्न कर दिया गया है।
समय अवधिकुल समय अवधि में कोई कटौती नहीं की गई है; छात्रों को पूरे 210 मिनट (3 घंटे 30 मिनट) का समय मिलेगा।
फायदाकम सवाल और ज्यादा समय मिलने से उम्मीदवारों को हर प्रश्न को गहराई से पढ़ने और हल करने के लिए पहले से अधिक समय मिलेगा।

दो नहीं एक ही शिफ्ट में होगी परीक्षा

पहले अलग-अलग शिफ्टों में परीक्षा होने के कारण प्रश्न पत्रों के कठिनाई स्तर को लेकर अक्सर विवाद खड़े होते थे। इस बार पूरी नीट-पीजी परीक्षा देशभर के 340 शहरों और 1,300 से अधिक केंद्रों पर केवल एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। शिफ्ट का समय होगा सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक। इस ड्यूरेशन में परीक्षा को संपन्न कराया जाएगा। इससे सभी उम्मीदवारों को एक समान कठिनाई स्तर का प्रश्न पत्र मिलेगा और नॉर्मलाइजेशन या मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रहेगी।

अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी इंतजाम

पेपर लीक, फर्जीवाड़े और नकल को रोकने के लिए कई स्तरीय सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। अब रजिस्ट्रेशन और परीक्षा केंद्र पर आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। फिंगरप्रिंट मैच न होने की स्थिति में आइरिस स्कैन का उपयोग किया जाएगा। प्रश्न पत्र तैयार करने से लेकर डिजिटल डिलीवरी तक डेटा पूरी तरह एन्क्रिप्टेड रहेगा। परीक्षा को पेपर लीक से बचने के लिए, देश के सभी 1,300+ केंद्रों पर सीसीटीवी लाइव मॉनिटरिंग, मोबाइल सिग्नल जैमर, बायोमेट्रिक चेकिंग और स्वतंत्र ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 60,000 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article